धार और आसपास के क्षेत्रों में पिछले 48 घंटों से मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। अधिकतम तापमान में तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। न्यूनतम तापमान 24.5 डिग्री तक पहुंच गया है।
.
रविवार की सुबह से आसमान साफ है। सूरज की किरणें सीधी पड़ रही हैं। गुरुवार तक जारी लू का अलर्ट अब समाप्त हो गया है। 15 अप्रैल तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्यं ई सुरेंद्रन ने बताया
मौसम में यह बदलाव कई कारणों से हुआ है। एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस, दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और दो टफ के सक्रिय होने से यह स्थिति बनी है। आने वाले दिनों में दिन और रात के तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।
16 अप्रेल से लू का अलर्ट
दरअसल, मार्च माह से गर्मी की शुरुआत हो जाती हैं, जिस तरह से दिसंबर-जनवरी में सर्दी और जुलाई- अगस्त में सबसे अधिक बारिश होती है, उसी तरह गर्मी के दो प्रमुख महीने अप्रैल और मई हैं। इन दो महिनों में 30 से 35 दिन तक गर्म हवा चल सकती है।
इधर गर्मी बढ़ने के साथ ही जल स्रोतों में भी पानी कम होने लगा हैं। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता घटने से तेज गर्मी का असर वापस शुरू होगा, 16 अप्रैल के बाद से लू व हीट वेव चलने लगेगी।
दिनांक | अधिकतम तापमान | न्यूनतम तापमान |
12 अप्रैल | 40 डिग्री | 24-5 डिग्री |
11 अप्रैल | 40 डिग्री | 24-5 डिग्री |
10 अप्रैल | 42-3 डिग्री | 25-5 डिग्री |
9 अप्रैल | 42-7 डिग्री | 26-2 डिग्री |
गेहूं खरीदी केंद्रों पर सतर्कता के निर्देश
समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी के दौरान मौसम में अचानक आए बदलाव को देखते हुए कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। इंदौर संभाग के कुछ क्षेत्रों में हुई बारिश के बाद प्रशासन सतर्क हो गया है।
कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को खरीदी केंद्रों का लगातार निरीक्षण करने और उपज के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गेहूं भीगने से बचाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं। साथ ही इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्यवाही की चेतावनी भी दी है।
वर्तमान में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य जारी है और प्रतिदिन सैकड़ों किसान अपनी उपज लेकर केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। मौसम में बदलाव से न केवल किसान चिंतित हैं, बल्कि जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है।