अशोक कुमार वर्मा, बीकापुर (अयोध्या)। अयोध्या4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मृतक बुजुर्ग महिला जयकला। (फाइल फोटो)
अयोध्या के बीकापुर कोतवाली क्षेत्र के नुवावा बैदरा गांव में जमीनी विवाद ने एक महिला की जान ले ली। सोमवार शाम करीब 7 बजे राघव राम (70) और उनकी पत्नी जयकला (65) खेत में बेरन डाल रहे थे। इसी दौरान गांव के ही जितेंद्र और सुरेश निषाद से उनका विवाद हो गया।
विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने लाठी-डंडों से दंपति पर हमला कर दिया। घायल दंपति को पहले बीकापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेडिकल कॉलेज दर्शन नगर रेफर कर दिया।
प्रभारी निरीक्षक लालचंद सरोज ने बताया मामला संज्ञान में है जांच पड़ताल की जा रही है जो भी दोषी होगा उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
दर्शन नगर में भी प्राथमिक इलाज के बाद जयकला की हालत में सुधार नहीं देखा गया। चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय रात करीब 11 बजे रास्ते में ही जयकला की मौत हो गई। राघव राम का इलाज दर्शन नगर ट्रामा सेंटर में जारी है।
मौत की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस गांव पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी पुलिस के उच्च अधिकारियों को भी दी गई है। दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। मृतका के दो पुत्र महेश और राजित राम हैं, दोनों की शादी हो चुकी है। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।