पुलिस का फ्लैग मार्च, होली में हुड़दंग करने वालों पर होगी कार्रवाई
.
रांची | होली को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है। रांची के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती की गई है। चौक- चौराहों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसी के तहत गुरुवार को रांची एसडीएम उत्कर्ष कुमार के नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में पुलिस जवान शामिल थे। फ्लैग मार्च अल्बर्ट एक्का चौक से शुरू होकर रतन टॉकीज होते हुए सुजाता चौक तक गया। इसमें एसडीएम, डीएसपी और सभी थानों की पुलिस मौजूद रही। इस दौरान एसडीएम ने कहा- होली भाईचारे का त्योहार है। किसी भी तरह के हुड़दंग की अनुमति नहीं दी जाएगी। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं।
शरारती तत्वों पर होगी सख्त कार्रवाई : डीजीपी
डीजीपी अनुराग गुप्ता ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि भीड़-भाड़ वाली जगहों, धार्मिक स्थलों पर पुलिस बल तैनात करें। ताकि त्योहार के दौरान कोई माहौल खराब नहीं कर सके। शरारती तत्वों पर पैनी नजर रखते हुए कड़ी कार्रवाई करें।
सीसीटीवी से भी रखी जाएगी निगरानी
कचहरी स्थित कंट्रोल रूम व स्मार्ट सिटी स्थित कमांड कंट्रोल से भी होली के दिन पुलिस शहर में निगरानी रखेगी। पुलिसकर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी गई है। नशे में कोई त्योहार में गाड़ी नहीं चलाए, इस पर ध्यान रखने को कहा गया है।
सड़कों से मुहल्ले तक रंगों से गुलजार…
रांची | जीवन में खुशहाली का प्रतीक रंगों को माना गया है। झारखंड की तो मिट्टी में फगुआ के गीत समाये हुए हैं। बसंत बीतने के साथ रांची में हल्की गर्मी लगने लगी है। ऐसे मौसम में होली का उमंग यहां सिर चढ़कर बोल रहा है। इस अल्हड़ मौसम के साथ पूरी रांची होली के उल्लास में डूबी है। पिछले दो-तीन दिन से होली मिलन समारोहों का दौर चल रहा है। कॉलेजों में होली की छुट्टी होने से पहले होली मिलन समारोह का दौर चला, जिसमें शिक्षक भी शामिल हुए। असल होली तो युवाओं की ही होती है। रंगों के साथ जीवन के रंगीन सपने बुनती युवा पीढ़ी होली को यादगार बनाने में जुट गई है। युवतियां सखियों के साथ रंगों में खुशियां समेट लेना चाहती हैं। वैसे भी होली सभी बैर-भाव भूलकर खुशहाल समाज बनाने का त्योहार है…