अशोकनगर जिले के चंदेरी थाना क्षेत्र के कुरवासा गांव में शुक्रवार रात डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का पंजा क्षतिग्रस्त कर दिया गया। यह घटना रात 9 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है।
.
शनिवार सुबह जब गांव के लोगों को घटना की जानकारी हुई, तो उन्होंने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। ग्रामीणों ने प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने वाले आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की और विरोध दर्ज कराया।
प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा
घटना की गंभीरता को देखते हुए अशोकनगर एसडीएम बृज बिहारी लाल श्रीवास्तव, चंदेरी एसडीएम मनीष धनगर, और एसडीओपी विवेक शर्मा सहित चंदेरी, देहात और पिपरई थाना प्रभारी शनिवार को गांव पहुंचे।
इस दौरान भीम आर्मी के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय नागरिकों के साथ शांति और समाधान की अपील की। अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि प्रतिमा को जल्द दोबारा स्थापित किया जाएगा।
डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का पंजा क्षतिग्रस्त हुआ है।
अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज
चंदेरी थाना प्रभारी मनीष जादौन ने जानकारी दी कि इस मामले में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस जांच शुरू कर चुकी है और आसपास के क्षेत्रों से जानकारी जुटाई जा रही है।