लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर शुक्रवार शाम को अशोकनगर पुलिस ने महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को समर्पित विशेष महिला बाइक रैली निकाली। रैली का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं के प्रति अपराधों की रोकथाम और उनके अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक
.
रैली को उप पुलिस महानिरीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार जैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कलेक्ट्रेट कार्यालय पर संपन्न हुई। मार्ग में राजमाता चौराहा, स्टेशन रोड, सुभाषगंज, गांधी पार्क, फुट ओवर ब्रिज समेत कई इलाके शामिल रहे।
इस रैली में पुलिस विभाग, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, शौर्य दल, बीजेपी महिला मोर्चा, और कई महिला सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुईं। पूरे मार्ग में बाइक सवारों ने महिला सम्मान, सुरक्षा और समानता के नारे लगाते हुए जन-जागरूकता का संदेश दिया।
इस दौरान SP जैन ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर नारी सशक्तिकरण की प्रतीक थीं। आज की यह रैली उनके जीवन से प्रेरणा लेकर महिलाओं के आत्मविश्वास और सुरक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए निकाली गई है।
पुलिस ने बताया कि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में इसी तरह की रैलियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही भविष्य में भी महिला जागरूकता और सुरक्षा को लेकर कार्यक्रम लगातार चलते रहेंगे।
देखिए तस्वीरें…

