कटनी में भीषण गर्मी के चलते जिला प्रशासन ने आंगनबाड़ी केंद्रों के समय में बदलाव किया है। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है।
.
नई व्यवस्था के तहत जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे। यह व्यवस्था 30 जून 2025 तक लागू रहेगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को दोपहर 3 बजे तक केंद्र में रहना अनिवार्य किया गया है।
जिले का तापमान 41 डिग्री पहुंचा
जिले में पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को यह क्रमशः 42 और 25 डिग्री सेल्सियस था।
कलेक्टर के आदेशानुसार आंगनबाड़ी कर्मचारियों के अन्य कार्यों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। गृह भेंट, अभिलेखों का रखरखाव और विभागीय गतिविधियां पहले की तरह जारी रहेंगी।
तेज गर्मी की वजह से दिन में सड़कें सूनी रहती हैं।
अप्रैल की शुरुआत से ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया था। तीसरे सप्ताह में तापमान और बढ़ गया है। तेज धूप के कारण दिन के समय सड़कें सूनसान दिखाई दे रही हैं।