एमएस धोनी
आईपीएल के हर सीजन के बाद इस तरह की चर्चाएं जोर पकड़ती हैं कि क्या एमएस धोनी अब आईपीएल से भी रिटायर हो जाएंगे। लेकिन जब आईपीएल का आगाज होता है तो धोनी फिर से खेलते हुए नजर आते हैं। इंटरनेशनल क्रिकेट से महेंद्र सिंह धोनी को रिटायर हुए अब पांच साल हो रहे हैं, लेकिन आईपीएल में वे अभी भी खेल रहे हैं। इस बीच एमएस धोनी के साथी खिलाड़ी ने धोनी के रिटायरमेंट को लेकर ऐसी बात कही है, जिसने सनसनी सी मचा दी है। हालांकि अभी भी पक्के तौर पर कोई नहीं कह सकता कि धोनी आईपीएल से कब संन्यास लेंगे।
रॉबिन उथप्पा बोले, उन्हें नहीं होगी हैरानी
टीम इंडिया और उसके बाद आईपीएल में भी एमएस धोनी के साथ सीएसके लिए खेल चुके रॉबिन उथप्पा इस वक्त जियो हॉट स्टार के कामेंट्री कर रहे हैं। इसी दौरान के प्रोग्राम में जब उथप्पा से एमएस धोनी के रिटायरमेंट को लेकर एक सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि आईपीएल के इस सीजन के बाद अगर धोनी रिटायरमेंट लेते हैं तो भी उन्हें हैरानी नहीं होगी। साथ ही उन्होंने जोड़ा कि अगर इसके बाद वह चार सीजन और खेलते हैं तो भी वह हैरान नहीं होने वाले। यानी कुल मिलाकर रॉबिन उथप्पा भी यही कहना चाहते हैं कि धोनी कब रिटायरमेंट लेंगे, इसका पता केवल धोनी को ही है।
सीएसके के लिए नंबर सात या आठ पर बल्लेबाजी करेंगे धोनी
रॉबिन उथप्पा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस बार भी धोनी अपनी टीम के लिए नंबर सात और आठ पर बल्लेबाजी के लिए आएंगे। ऐसा ही पिछले साल भी देखने को मिला था, जब व 12 से 20 गेंद खेलकर जाते थे। धोनी के रिटायरमेंट पर उथप्पा ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि खेल का जुनून कभी खत्म होता है। धोनी का खेल के लिए प्यार जरा सा भी कम नहीं हुआ है और वे अभी भी किसी युवा की तरह फुर्तीले हैं।
23 मार्च को मुंबई के खिलाफ पहला मैच खेलेगी सीएसके की टीम
आईपीएल के आगाज से पहले ही एमएस धोनी के कई सारे वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें धोनी प्रैक्टिस करते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपने हेलीकाप्टर शॉट को भी दिखाया और तेज गेंदबाजों की यार्कर के खिलाफ भी चौके और छक्के जड़े हैं। आईपीएल का आगाज 22 मार्च से होगा, लेकिन सीएसके की टीम पहला मैच 23 मार्च को खेलेगी, जब उसके घरेलू मैदान पर उसका मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा। हालांकि अब चेन्नई सुपरकिंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड हैं, लेकिन इसके बाद भी धोनी ही इस टीम के सबसे बड़े सितारे हैं।
यह भी पढ़ें
CSK vs MI: मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन पर फंसा पेंच, हार्दिक और बुमराह के बगैर कैसे बनेगी टीम
श्रेयस अय्यर के लिए आसान नहीं ये टास्क, फिसड्डी टीम केवल दो ही बार खेल पाई है प्लेऑफ
Latest Cricket News