बिरहोर कॉलोनी के पास जंगल में शुक्रवार की सुबह अभिलाष कुमार का शव मिला।
रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। कोतो बिरहोर कॉलोनी के पास आसमानी बिजली गिरने से 12 वर्षीय अभिलाष कुमार की मौत हो गई। घटना गुरुवार की रात हुई पर शव शुक्रवार की सुबह बरामद किया गया।
.
रोचाप डोकाटाड़ निवासी राघो महतो का पुत्र अभिलाष डाढ़ीडीह से ट्यूशन पढ़कर गुरुवार की शाम घर लौट रहा था। वह मुख्य मार्ग छोड़कर पगडंडी के रास्ते से जा रहा था। इसी दौरान कोतो पंचायत के बिरहोर कॉलोनी के निकट वह आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया।
बच्चे के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की
गुरुवार की देर शाम इस क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश के साथ बिजली कड़क रही थी। बच्चे के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन की, लेकिन रात तक उसका कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार की सुबह बिरहोर कॉलोनी के पास जंगल में उसका शव मिला।
सूचना मिलते ही पतरातु पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।