नई दिल्ली9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
कोविड के दौरान 2 साल सैनिक भर्ती बंद रही थी।
भारतीय सेना में एक लाख से ज्यादा सैनिकों की कमी है। रक्षा मंत्रालय ने हाल ही में संसद की स्थायी समिति को यह जानकारी दी है। इस समय सेना की कुल संख्या 12.48 लाख है जबकि एक लाख से ज्यादा पर खाली हैं।
इनमें से 92,410 पद जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) और नॉन-कमीशंड ऑफिसर (NCO) के हैं। यह करीब 7.72% की कमी को दर्शाता है। 1 अक्टूबर, 2024 तक सेना में स्वीकृत पद 11,97,520 के मुकाबले 11,05,110 पद भरे थे।
इसके अलावा 16.71% ऑफिसर्स की भी कमी है। 1 जुलाई, 2024 तक के आंकड़ों के अनुसार सेना में 42,095 ऑफिसर (मेडिकल कोर, डेंटल कोर और मिलिट्री नर्सिंग सर्विस को छोड़कर) हैं, जबकि स्वीकृत पदों की संख्या 50,538 है।
कोविड में 2 साल बंद रही भर्ती सेना से हर साल करीब 60 हजार सैनिक रिटायर हो जाते हैं। कोविड के दौरान दो साल सैनिक भर्ती बंद रही। इस वजह से सेना में सीधे तौर पर 1.20 लाख सैनिकों की कमी हो गई। 2022 में अग्निपथ स्कीम शुरू होने बाद हर साल करीब 40 हजार अग्निवीर सैनिक ही भर्ती हो रहे हैं। इस वजह से कोविड के दौरान बंद हुई भर्ती की कमी पूरी नहीं हो पा रही है।
मंत्रालय बोला- अग्निपथ स्कीम से कमी जल्द पूरी होगी इस कमी दूर करने पर मंत्रालय का कहना है कि जैसे-जैसे अग्निपथ स्कीम आगे बढ़ेगी, सैनिकों की कमी पूरी हो जाएगी। वहीं, ऑफिसर्स के खाली पद भरने के लिए कई कदम उठाए गए हैं और भर्ती प्रक्रिया में सुधार किया गया है।
सैनिक भर्ती में उम्मीदवारों की उपस्थिति बढ़ाने के लिए सर्विस सेलेक्शन बोर्ड (SSB) के इंटरव्यू में शामिल न हो पाने वालों को दूसरा मौका दिया जा रहा है। इसके अलावा SSB बैच को दोगुना करने और मेडिकल जांच में लगने वाले आठ से दस दिन का समय घटाकर दो से तीन दिन कर दिया गया है।
वहीं, अधिकारियों की वैकेंसी हर साल एग्जिट और वेस्टेज के आधार पर निकाली जाती है। अधिकारी भर्ती प्रक्रिया में भी सुधार किया गया है। वर्किंग सैनिकों की ट्रेनिंग के लिए चेन्नई में ऑफिसर ट्रेनिंग एकेडमी (OTA) में नई ट्रेनिंग विंग शुरू की गई है।
इसके अलावा टेक्निकल एंट्री स्कीम (10+2 TES) को 3+1 साल के मॉडल में बदला गया है। इससे ट्रेनिंग पीरियड में एक साल कम हुआ है।