इंदौर जिले में फसल अवशेष जलाने वाले किसानों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर आशीष सिंह के निर्देश पर पिछले तीन दिनों में 449 किसानों पर 9 लाख 87 हजार 500 रुपए का जुर्माना लगाया गया है।
.
सोमवार को एक ही दिन में 220 किसानों पर 8 लाख रुपए से अधिक का अर्थदंड लगाया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
किसानों को जागरूक करने के लिए ग्राम पंचायत मुख्यालय पर कृषि विभाग, राजस्व विभाग और पंचायत विभाग के अधिकारियों द्वारा किसान संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें फसल अवशेष जलाने से होने वाले नुकसान के बारे में बताया जाएगा।
सरकार ने फसल अवशेष जलाने पर जुर्माने की राशि तय कर दी है। 2 एकड़ तक की भूमि वाले किसानों को 2,500 रुपए प्रति घटना, 2 से 5 एकड़ तक की भूमि वालों को 5,000 रुपए प्रति घटना और 5 एकड़ से अधिक भूमि वालों को 15,000 रुपए प्रति घटना का जुर्माना देना होगा।
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे फसल अवशेष न जलाएं क्योंकि इससे पर्यावरण को नुकसान होता है। यह जुर्माना पर्यावरण क्षतिपूर्ति के रूप में वसूला जा रहा है।