नवीन सिंह बघेल| देवरिया4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
देवरिया में एक अनोखी प्रेम कहानी सामने आई है। यहां दो मजदूर जोड़ों ने गरीबी की वजह से लिव-इन में रहने के बाद अब शादी रचाई है।
जिले के बैतालपुर के बरारी द्वितीय गांव स्थित नंदलाल यादव के ईंट-भट्ठे पर काम करने वाले झारखंड के दो जोड़े कर्मा-सीमा और प्रदीप-रूपा लंबे समय से लिव-इन में रह रहे थे। कर्मा और सीमा गुमला जिले के रहने वाले हैं। वे पिछले चार साल से साथ रह रहे थे और उनके दो बच्चे भी हैं।

जब इन जोड़ों ने शादी की इच्छा जताई तो भट्ठा मालिक ने पूरा सहयोग किया। उन्होंने अपनी ओर से खर्च कर दोनों की शादी धूमधाम से करवाई। डीजे की धुन पर बारात निकली और देवकली नाथ शिव मंदिर में पहुंची। वहां हिंदू रीति-रिवाज से विवाह संपन्न हुआ।

शादी में मंत्रोच्चारण के साथ सिंदूरदान और वरमाला जैसी सभी परंपरागत रस्में निभाई गईं। इलाके के लोगों को भी आमंत्रित किया गया और प्रीतिभोज का आयोजन किया गया। युगल का कहना है कि गरीबी के कारण शादी नहीं कर पा रहे थे, लेकिन साथी मजदूरों और भट्ठा मालिक की मदद से उनका सपना पूरा हो गया।

इसी तरह प्रदीप और रूपा का भी विवाह हुआ। दोनों कई वर्षों से साथ रह रहे थे। ये जोड़ा भी झारखंड का है, जो पिछले 10 साल से लिव इन रिलेशन में रहते हुए देवरिया में काम कर रहा था। इनके भी दो बच्चे हैं। प्रदीप का कहना है कि उसके पिता कई वर्ष पहले गुजर चुके हैं। परिवार बहुत गरीब है। अब भट्ठा मालिक की वजह से दूल्हा बनने की इच्छा पूरी हुई है।