नई दिल्ली19 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

महाराष्ट्र के बाद अब मध्यप्रदेश में ओला इलेक्ट्रिक के 6 स्टोर्स पर रेड हुई है। ट्रांसपोर्ट अधिकारियों ने जबलपुर में 2 और इंदौर के 4 स्टोर्स पर छापा मारा है। सभी 6 स्टोर्स को जरूरी ट्रेड सर्टिफिकेट नहीं होने के चलते कारण बताओ नोटिस दिए गए हैं। मार्च महीने में ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी के शोरूम्स पर 4 बार रेड हो चुकी है।
छापेमारी की वजह से गुरुवार को ओला इलेक्ट्रिक शेयर में 4.18% की गिरावट दर्ज की गई। शेयर आज 2.25 रुपए गिरकर 51.60 रुपए पर बंद हुआ है। एक महीने में ओला का शेयर 16% से ज्यादा गिरा है। वहीं 6 महीने में शेयर 50% से ज्यादा टूटा है।
ओला के शोरूम्स पर 4 बार हुई रेड
- 8 मार्च को देश भर में ओला के कई शोरूम्स पर छापेमरी की खबर आई। ट्रेड सर्टिफिकेट नहीं होने के चलते कई शोरूम्स को बंद कर व्हीकल्स को जब्त किया गया।
- 12 मार्च को मध्यप्रदेश के जबलपुर में रेड हुई। ट्रांसपोर्ट अधिकारियों ने 14 व्हीकल्स जब्त किए।
- 18 मार्च को इंदौर में शोरूम्स पर छापा मारा। ट्रेड सर्टिफिकेट नहीं होने के चलते कारण बताओ नोटिस दिया गया।
- 17 से 19 मार्च के बीच महाराष्ट्र में मुंबई और पुणे में 26 स्टोर्स पर रेड हुई। इसमें 36 व्हीकल्स को जब्त कर नोटिस दिए गए।
दूसरी कंपनियों की शिकायत के बाद कार्रवाई
गुरुग्राम की प्रताप सिंह एंड एसोसिएट्स कंपनी ने ओला इलेक्ट्रिक और कुछ अन्य कंपनियों के खिलाफ ट्रेड सर्टिफिकेट नहीं होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद महाराष्ट्र के ट्रांसपोर्ट अधिकारियों ने कार्रवाई की है।
95% शोरूम्स पर नहीं है बेसिक सर्टिफिकेशन
ओला इलेक्ट्रिक ने 2022 से अब तक 4,000 शोरूम्स खोले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इनमें से लगभग 3,400 शोरूम का ही डेटा उपलब्ध है। 3,400 में से 100 शोरूम ही ऐसे थे, जिनके पास मोटर व्हीकल्स एक्ट के तहत जरूरी ट्रेड सर्टिफिकेट थे।
कंपनी के 95% से अधिक शोरूम्स में अनरजिस्टर्ड टू व्हीलर्स डिस्प्ले करने, बेचने और उनकी टेस्ट राइड ऑफर करने के लिए जरूरी बेसिक सर्टिफिकेशन नहीं हैं।
ओला इलेक्ट्रिक ने कहा- कार्रवाई गलत और पक्षपातपूर्ण
मंगलवार की कार्रवाई पर ओला इलेक्ट्रिक के प्रवक्ता ने बताया कि कोई वाहन जब्त नहीं किया गया है। इससे पहले ओला ने जांच को गलत और पक्षपातपूर्ण बताया था। प्रवक्ता ने कहा था कई राज्यों में ओला के डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर्स और गोदामों में अनरजिस्टर्ड व्हीकल्स की इन्वेंट्री है।
ये मोटर व्हीकल एक्ट के दिशानिर्देशों का पूरी तरह से पालन करती है और जरूरी मंजूरियां मौजूद हैं। कंपनी ने शोरूम्स पर रेड को लेकर कोई जानकारी नहीं दी थी।
दिवालिया कार्यवाही की याचिका पर 8% गिरा था शेयर
ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में 17 मार्च को करीब 8% की गिरावट रही थी। कंपनी की एक सब्सिडियरी के खिलाफ दिवालियापन की याचिका डाले जाने के बाद कंपनी के शेयर में ये गिरावट आई थी।
3 पॉइंट में समझें पूरा मामला
इस मामले से तीन कंपनियां ओला इलेक्ट्रिक मोबिलिटी उसकी सब्सिडियरी ओला इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड और रोस्मर्टा डिजिटल सर्विसेज लिमिटेड जुड़ी हैं।
- हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट बनाने वाली कंपनी रोस्मर्टा डिजिटल ने ओला इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड पर 18 से 20 करोड़ रुपए का बकाया पेमेंट रोकने का आरोप लगाया है।
- इसके लिए रोस्मर्टा डिजिटल ने नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल की बेंगलुरु बेंच में ओला इलेक्ट्रिक टेक्नोलॉजी के खिलाफ दिवालियापन की कार्यवाही शुरू करने के लिए याचिका दायर की है।
- मामले में ओला इलेक्ट्रिक का कहना है कि वह इन आरोपों को खारिज करती है। वह इस मामले में कानूनी सलाह ले रही है और आरोपों को सख्ती से चुनौती देगी।

आल टाइम हाई से 65% गिरा शेयर
अगस्त 2024 में शेयरों की लिस्टिंग के बाद ओला का शेयर अपने पीक 157.53 रुपए से करीब 65% लुढ़क चुका है। पिछले एक महीने में कंपनी के शेयर्स में करीब 20% की गिरावट आई है। इसके अलावा दिसंबर 2024 तक कंपनी की बाजार हिस्सेदारी 49% से घटकर 23% रह गई।