किशनगंज के दिघलबैंक प्रखंड क्षेत्र में हाथियों का झुंड पिछले तीन हफ्तों से दहशत फैला रहा है। धनतोला पंचायत के डोरिया, ब्रह्मटोला और दुर्गा मंदिर ईंट भट्ठा इलाके में 14 हाथियों का झुंड मक्का के खेतों में डेरा डाले हुए है।
.
हाल ही में एक हाथी की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। डोरिया आदिवासी टोला के पास मक्का के खेतों में यह हाथी तीन दिन से एक ही जगह पर रुका था। वन क्षेत्र पदाधिकारी अंशुमन कुमार ने अपनी टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। टीम ने हाथी की स्थिति का जायजा लिया। पटाखा फोड़ने पर हाथी धीमी गति से दूसरी दिशा में हाथी चला गया।
खेतों में तबाही मचाता है हाथियों का झुंड
हाथियों का झुंड दिन में खेतों में तबाही मचाता है। शाम होते ही आबादी वाले इलाकों में घुसकर कच्चे-पक्के मकानों को नुकसान पहुंचाता है। आज एक हाथी शिव मंदिर टोला और वार्ड नंबर-8 की गलियों में घुस आया था।
वन विभाग ने खेतों में नंगी तार बिछाने और रात में करंट छोड़ने की खबरों को गंभीरता से लिया है। विभाग ने लोगों को कई सावधानियां बरतने की सलाह दी है। हाथी दिखने पर उसके पास नहीं जाने, मोबाइल बंद रखने और फोटो नहीं लेने की हिदायत दी है।
रात में खलिहान में नहीं सोने और आग जलाकर रखने के लिए कहा है। बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों को रात में अकेले नहीं रहने की सलाह दी है। हाथी को गुलेल, तीर या किसी हथियार से न मारने की चेतावनी दी है।