कैथल जिले के गांव बिच्छिया में हुई एक व्यक्ति की हत्या के मामले में सीआईए-1 पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी को पुलिस की टीम ने पूछताछ के बाद कोर्ट में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया है।
.
पड़ोसी खुले में करता था पेशाब
जानकारी के अनुसार मृतक की पत्नी नीलम ने बताया कि वे खेतों में बने मकान में रहते थे। पड़ोसी सुरेश द्वारा बार-बार खुले में पेशाब करने से विवाद शुरू हुआ। मृतक कुलविंद्र ने इस पर कई बार आपत्ति जताई थी। 12 मई की शाम को सुरेश और सुखदेव के बेटे संजीव के साथ कुलविंद्र की तकरार हुई। रात साढ़े आठ बजे सुरेश, संजीव और विक्रम कुलविंद्र के घर पहुंचे।
गेट फांदकर अंदर घुसा युवक
संजीव ने गेट फांदकर अंदर प्रवेश किया और अन्य लोगों के लिए गेट खोल दिया। आरोपियों ने डंडे और लाठियों से कुलविंद्र पर हमला किया। राजकुमार और सुखदेव ने भी लातों से मारा। गंभीर रूप से घायल कुलविंद्र को पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया। 17 मई को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
कोर्ट से रिमांड पर लिया आरोपी
एसआई जसवंत सिंह के नेतृत्व में एसआई प्रवीन कुमार की टीम ने आरोपी संजीव को कैथल बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया। कोर्ट से एक दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है।