9 फरवरी की रात को आपसी रंजिश में बाइक सवार युवकों ने बाजार में कई बम फेंके थे।
झारखंड के कोडरमा जिले में डोमचांच बाजार में बम फेंकने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 9 फरवरी की रात को आपसी रंजिश में बाइक सवार युवकों ने बाजार में कई बम फेंके थे। इस घटना में एक गाय गंभीर रूप से घायल हुई थी।
.
एसपी अनुदीप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी रोहित मेहता उर्फ बलवा और आशीष मेहता उर्फ भेसवा को गिरफ्तार किया गया है। रोहित मेहता डोमचांच के लेंगरापीपर का रहने वाला है। उस पर डकैती और चोरी समेत 6 मामले दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है।
दूसरा आरोपी आशीष मेहता डोमचांच के भसनोजडीह का निवासी है। उस पर पहले से दो मामले दर्ज हैं। घटना की शिकायत ममता देवी ने की थी। उन्होंने 8 लोगों के खिलाफ डोमचांच थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।
प्रशिक्षु डीएसपी दिवाकर कुमार, डोमचांच थाना प्रभारी ओमप्रकाश, सहायक अवर निरीक्षक कमल लाल तांती और रंजीत मुंडा समेत सशस्त्र बल की टीम मौजूद थी।