नीमच के बघाना थाना क्षेत्र में शुक्रवार को 70 साल के बुजुर्ग की मौत हो गई। क्रेन की टक्कर से वह घायल हो गए थे। जिसके बाद 10 दिनों तक उनका इलाज चला। आज शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।
.
तेज रफ्तार हाइड्रा क्रेन ने कुचला बुजुर्ग का पैर
घटना 26 मार्च की शाम 5 बजे हवाई पट्टी रोड के धानुका फैक्ट्री के सामने हुई। धामनिया निवासी नानूराम पिता उदयराम धनगर साइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार हाइड्रा क्रेन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनका पैर क्रेन ने बुरी तरह कुचल दिया। साइकिल भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घायल बुजुर्ग को तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल लाया गया था। वहां से उन्हें कनावटी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां 10 दिन तक चले इलाज के बाद शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।
शुक्रवार दोपहर को जिला अस्पताल में परिजनों की मौजूदगी में मृतक का पोस्टमार्टम किया गया। पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।