चारखेड़ा के पास फूटी पाइपलाइन।
खंडवा में शनिवार शाम 7 बजे चारखेड़ा गांव के पास एक खेत में नर्मदा पाइपलाइन फट गई। घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम ने मोटर पंप बंद कराकर मेंटनेंस टीम को मौके पर भेज दिया।
.
नगर निगम के इंजीनियर राजेश गुप्ता ने बताया कि शहर के कुछ क्षेत्रों में पानी की समस्या के कारण तकनीकी खामियों को दूर करने की योजना थी। लेकिन इसी बीच पाइपलाइन में बड़ा लीकेज होने से मोटर पंप बंद करने पड़े। रविवार सुबह तक भी व्यवस्था दुरुस्त नहीं हुई है।
तापमान में लगातार बढ़ोतरी
इधर, नौतपा की समाप्ति और मानसून की दस्तक के बीच शहर में भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है। दिन में तेज धूप और उमस से लोग परेशान हैं, हालांकि शाम के समय ठंडी हवाएं राहत दे रही हैं।
पिछले चार दिनों में दिन का तापमान लगातार बढ़ा है। बुधवार को जहां तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस था, वहीं गुरुवार को 36.1, शुक्रवार को 37.1 और शनिवार को 38.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस प्रकार चार दिनों में तापमान में 3.5 डिग्री की वृद्धि हुई है।