गोरखपुर में मंगलवार की रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जबकि, उसका साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
.
यह मुठभेड़ रामगढ़ताल इलाके के पाम पैराडाइज के पास स्थित पांडेय कॉलोनी के पास हुई। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि, उसके फरार साथी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से अवैध तमंचा-कारतूस, खोखा कारतूस और बाइक भी बरामद की है।
घायल बदमाश पर था 10 हजार रुपए का इनाम
घायल बदमाश की पहचान रामगढ़ताल इलाके के रामपुर निवासी आकाश साहनी के रूप में हुई। आकाश पर पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित कर रखा था। आकाश पर अलग-अलग थानों में कुल 17 केस दर्ज हैं।
इन्हीं बदमाशों ने बीते 6 दिसंबर को रामगढ़ताल इलाके के इंदिरा नगर पेट्रोल पंप पर फायरिंग कर दहशत फैलाई थी। हालांकि, वहां से भागते हुए बदमाश पेट्रोल पंप पर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गए थे। पुलिस को तभी से इनकी तलाश थी।
पुलिस को देख फायरिंग करने लगे बदमाश
मंगलवार की रात रामगढ़ताल पुलिस को सूचना मिली कि आकाश अपने साथी संग पैराडाइज के पास स्थित पांडेय कॉलोनी से होते हुए किसी वारदात को अंजाम देने जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने वहां घेराबंदी कर दी। तभी एक बाइक पर सवार दो बदमाश आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बदमाश पुलिस को देखकर भागने लगे।
पुलिस ने जब उन्हें दौड़ाकर पकड़ने की कोशिश की तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। खुद को बचाते हुए पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की तो एक बदमाश आकाश साहनी के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। जबकि, उसका साथी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लिया और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि, फरार बदमाश की तलाश की जा रही है।