जमुई में जर्मनी से आए इंजीनियर अतुल कुमार (28) की झरने में डूबने से रविवार को मौत हो गई थी। इस मामले में अतुल के परिजन अब डायरी और लैपटॉप बरामद की आस लगाकर बैठे हैं। उनका कहना है कि अगर पुलिस डायरी और लैपटॉप बरामद कर लेती है, तो उससे कई राज खुलेंगे।
.
अतुल कुमार की बहन अनुपमा ने पुलिस से कई सवाल किए हैं। अनुपमा ने बताया कि अतुल की डायरी, मोबाइल, लैपटॉप, वीजा और पासपोर्ट अभी तक बरामद नहीं हुए हैं। उनका कहना है कि अतुल जब 10 साल का था तब से ही डायरी लिखा करता था। इसमें कई महत्वपूर्ण जानकारियां हो सकती हैं।
अतुल और प्रिया की 22 नवंबर 2024 में शादी हुई थी।
फोन बार-बार हो रहा ऑन-ऑफ
बहन ने बताया कि अतुल का मोबाइल समय-समय पर ऑन-ऑफ हो रहा है। लेकिन पुलिस उसके मोबाइल के लोकेशन तक नहीं पहुंच पा रही है। वह कभी अपना लैपटॉप नहीं छोड़ता था। इस बार लैपटॉप का गायब होना संदेह बढ़ा रहा है।

कैज्युअली अप्रोच में रख रही पुलिस
अतुल की बहन अनुपमा ने दैनिक भास्कर से बातचीत में बताया कि ‘पुलिस हमें कैज्युअल अप्रोच में रख रही है। जब अतुल की शादी की बात 2024 में चल रही थी, तो उस समय मम्मी ने उसके ट्रॉली बैग से एक डायरी बरामद किया था।
इस डायरी से मम्मी ने दो पेज भी फाड़े थे, पता नहीं अभी वो पन्ना कहां है। लेकिन जब वो पहले से डायरी लिखता था तो वो उसके हैबिट में होगा। पुलिस अगर इस डायरी को ढूंढ पाए, तो कई राज सामने आ सकते हैं।’
बहन अनुपमा ने बताया कि

अतुल का मोबाइल फोन घटना के बाद ऑन हुआ था। रिंग भी आई, फिर बंद हो गया। सवाल यह है कि अगर फोन चोरी हुआ था, तो बार-बार ऑन और ऑफ क्यों हो रहा है? किसके पास है यह फोन? इसकी जांच जरूरी है। उनके अनुसार, अतुल के पास एक भारतीय और एक विदेशी मोबाइल फोन था, दोनों गायब हैं।
जर्मनी से भारत आने की कहानी भी संदेहास्पद
बहन ने बताया कि अतुल 2022 से जर्मनी में नौकरी करता था। वहीं रह रहा था। दिसंबर 2024 में उसकी नौकरी छूटने की बात सामने आई थी। इसके बाद उसकी भारत वापसी हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि अतुल की पत्नी प्रिया ने बताया कि वह जर्मनी में किराए पर रह रहे थे, लेकिन अब वो वहां नहीं हैं। हमें नहीं पता कि वह भारत कब और क्यों आया। पुलिस को यह सारी बातें भी जांच में शामिल करनी चाहिए।’

मां की हालत बिगड़ी, गांव में पसरा मातम
अतुल की मौत से परिवार सदमे में है। मां सविता कुमारी की तबीयत मंगलवार को अचानक बिगड़ गई। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। फिलहाल, वो घर वापस आ गईं हैं। अभी ठीक हैं। पूरे गांव में मातम का माहौल है।
गरही थाना में दर्ज प्राथमिकी (कांड संख्या 57/25) में IPC की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज है। थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार ने बताया, पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।’
सभी मामले का जल्द होगा खुलासा
इस मामले में चरकापत्थर थाना अध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा। मोबाइल का टावर लोकेशन लिया गया है। मोबाइल बंद आ रहा है। वहीं, उन्होंने बताया लैपटॉप, पासपोर्ट की जानकारी निकालने के लिए बिहारशरीफ में रह रहे लोगों से संपर्क किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच सभी एंगल से कर रही है। जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।