जिले में बढ़ रहे अपराधों की घटनाओं पर विशेष चर्चा:एसपी ने चोरी, नशा तस्करी रोकने और लंबित मामलों के निस्तारण पर जोर

2 Min Read




जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में बुधवार को एक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिले में बढ़ते अपराधों की समीक्षा की गई और उनके प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। इस गोष्ठी में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेन्द्र शर्मा सहित जिले के समस्त वृत्ताधिकारी, थानाधिकारी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिले में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर विशेष चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच करने और पूर्व में चोरी के मामलों में संलिप्त अपराधियों पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर अपराधियों की धरपकड़ तेज करने को कहा गया। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए सभी थाना प्रभारियों को नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाकर कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीमावर्ती क्षेत्रों एवं मुख्य मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। गोष्ठी में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण, न्यायालयीन वारंटों की तामीली, गुमशुदा व्यक्तियों की तलाश तथा महिला एवं बाल अपराध से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरतने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने और जनसहयोग से अपराध नियंत्रण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



Source link

Share This Article
Leave a Comment