जुलाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा के जींद एक विवाहित महिला रात को घर की दीवार कूदकर भाग गई। जाते समय महिला घर में रखा कैश, सोने-चांदी के गहने भी ले गई। महिला ने तीन साल पहले ही लव मैरिज की थी। जुलाना थाना पुलिस जांच में जुटी है।
.
पुलिस को दी शिकायत में जींद के निडाना गांव निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि तीन साल पहले उसने लव मैरिज की थी। शादी में किसी तरह की कोई परेशानी नहीं थी और सब ठीकठाक चल रहा था। उनका आपस में भी किसी तरह का कोई विवाद नहीं था। वह 27 अप्रैल को घर से बाहर काम गया हुआ था।
मेन गेट पर था ताला, दीवार कूदकर गई
दो मई की रात को घर में उसका भाई, उसकी मां और पत्नी सो रहे थे। घर के बाहर के मुख्य गेट पर ताला लगाया हुआ था। रात को एक बजे के करीब उसकी पत्नी घर की दीवार कूदकर भाग गई। सुबह परिवार के लोग सोकर उठे तो पत्नी गायब मिली।
इसके बाद उसने ससुराल में पता किया तो उन्होंने बताया कि वह यहां नहीं आई। जाते समय उसकी पत्नी घर में रखी सोने की अंगूठी, कानों के झूमके, मंगलसूत्र, पैरों में चांदी की पायल, चांदी की अंगूठी, 15 हजार रुपए कैश, सैमसंग का मोबाइल फोन लेकर गई है।
शिकायतकर्ता ने बताया कि उनका आपस में भी कोई झगड़ा नहीं हुआ था, वह खुद अचंभित हैं कि उसकी पत्नी ने ऐसा कदम क्यों उठाया। सदर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।