भीषण गर्मी से जूझ रहे झारखंडवासियों के लिए मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के रांची स्थित केंद्र ने आज राज्य के 20 जिलों में आंधी-तूफान के साथ वज्रपात की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ जगहों पर तेज हवाएं चलेंगी और बारिश हो
.
प्रदेश में इन दिनों बारिश के बीच उमस वाली गर्मी सता रही है।
इन जिलों में होगी बारिश और वज्रपात
मौसम विभाग ने जिन जिलों में बारिश की संभावना जताई है, उनमें कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, रांची, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज शामिल हैं। वहीं, पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा जिलों के लिए किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है।
रांची में गरज के साथ बारिश की संभावना
राजधानी रांची में गुरुवार को मौसम आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, दिनभर उमस बनी रहेगी और दोपहर से शाम के बीच गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। बुधवार को सरायकेला में सबसे अधिक 5.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि डालटनगंज में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

रांची में दोपहर बाद मौसम बदलने और बारिश के आसार हैं।
40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी हवा
मौसम केंद्र ने बताया है कि गुरुवार को तेज हवाएं चलेंगी, जिनकी रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक हो सकती है। इसके साथ ही बिजली गिरने की संभावना भी बनी हुई है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। खुले स्थानों से बचें और मौसम खराब होने पर सुरक्षित स्थानों पर रहें।
तीन दिन में बढ़ेगा तापमान, फिर लौटेगी गर्मी
हालांकि 12 जून को कुछ जिलों में बारिश की संभावना है, लेकिन इसके बाद तापमान में फिर से इजाफा हो सकता है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है।

यानी झारखंड में उमस और गर्मी फिर से लोगों को परेशान कर सकती है। फिलहाल तापमान देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में 37 डिग्री तक और रांची समेत अन्य जिलों में 33 से 36 डिग्री तक रहने का अनुमान है।