झारखंड में आसमान से आग तो नहीं बरस रहा पर बीते 3 दिन में भीषण गर्मी लगने के संकेत जरूर दे दिए हैं। इसके पीछे की वजह यह है कि पूरे प्रदेश में जहां पिछले तीन दिन में औसतन 5 डिग्री तक तापमान चढ़ा है।
.
वहीं केवल राजधानी रांची का पारा 3 दिनों में 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ गया है। मौसम में परिवर्तन के आंकड़ा बता रहा है कि रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास था, जो बुधवार को 34 डिग्री के आसपास पहुंच गया है।
झारखंड में दोपहर में धूप का असर होने लगा है।
7 दिन तक मौसम में नहीं कोई बदलाव
मौसम केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार अगले एक सप्ताह तक मौसम का मिजाज इसी तरह रहेगा। राजधानी का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास जाएगा। वहीं राज्य का पारा 40 डिग्री तक जा सकता है। इस दौरान न्यूनतम तापमान भी 18 से 20 डिग्री सेल्सियस तक हो सकता है।
मौसम केंद्र के अनुसार राज्य के करीब-करीब सभी जिलों का तापमान 40 डिग्री या इससे नीचे रहेगा। बीते 24 घंटे में राज्य में सबसे अधिक गर्मी बहरागोड़ा में रही। वहां का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस आसपास रहा है।
35 डिग्री के पार चला गया है अधिकतम तापमान
अभी राज्य के अधिकांश जिलों का तापमान 35 डिग्री के पार जा चुका है। देवघर, धनबाद, गोड्डा, जामताड़ा, लातेहार, हजारीबाग और सिमडेगा ऐसे जिले हैं, जहां का अधिकतम तापमान 37 डिग्री के करीब है। सबसे अधिक तापमान वाले जिलों में कोडरमा, चतरा, गढ़वा, पलामू, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला और पश्चिमी सिंहभूम जिले शामिल हैं। यहां का अधिकतम तापमान 37-38 डिग्री है।

रांची में गर्मी होती रहेगी महसूस
राजधानी रांची के मौसम की बात करें तो 1 अप्रैल तक मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने वाला है। इस दौरान आसमान मुख्यतः साफ रहने वाला है और मौसम में शुष्कता बनी रहेगी। अहले सुबह से ही धूप में गर्मी महसूस हो सकती है। कोई दोपहर तक हवा में गर्माहट लगने लगेगी। मौसम विभाग की ओर से ज्यादा रिपोर्ट में बताया गया है कि 28 मार्च को राजधानी का अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहने वाला है।
29 मार्च को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री रहने वाला है। लगभग ऐसा ही मौसम 30 मार्च को भी देखने को मिलेगा। इस दौरान राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहने वाला है।
