झारखंड में आज और कल बारिश का ऑरेंज अलर्ट
बंगाल की खाड़ी से आ रही नम हवा के कारण राज्य का मौसम बदल गया है। बुधवार को राज्य के कई जिले में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई। इस दौरान आकाशीय बिजली भी गिरी और हवा की रफ्तार भी तेज रही। मौसम विभाग ने आज और कल भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया ह
.
इधर, मौसम के बदले मिजाज का परिणाम यह रहा कि गढ़वा, पलामू, रामगढ़, बोकारो, कोडरमा व रांची सहित कई जिलों में बारिश हुई। आकाशीय बिजली गिरने 2 महिलाओं की मौत हो गई। 12 लोग घायल हो गए।
कोडरमा में स्कूल में आकाशीय बिजली गिरने से कई बच्चियां डर से बेहोश हो गई।
आकाशीय बिजली ने लोगों को किया परेशान
विभिन्न जिलों से आई सूचना के मुताबिक बोकारो के गोमिया में अनिता देवी (34) की ठनके की चपेट में आकर जान चली गई। वहीं, गिरिडीह के राजधनवार में वज्रपात की चपेट में आकर सरिता देवी (40) की मौत हो गई। दुलारी देवी (65) घायल हैं। लातेहार के शीशी पंचायत में दोपहर 3 बजे ठनका से महिला व दो बच्ची घायल हो गई।
वहीं, कोडरमा की पपलो पंचायत स्थित संत मौर्य स्कूल में सुबह 11.30 बजे वज्रपात से 8 बच्चे घायल हो गए। इधर, मौसम विभाग ने कहा है कि 10 से 15 अप्रैल तक राज्य के कई जिलों में हल्के व मध्यम दर्जे में बारिश की संभावना है।
डालटनगंज में 40.9 डिग्री पहुंचा, बादल से गिरा पारा
बुधवार को सबसे गर्म डालटनगंज रहा। यहां का पारा 40.9 डिग्री पहुंच गया। हालांकि कई जिलों में बादल के छाने से पारा 2-3 डिग्री तक गिर गया।। मौसम विभाग के अनुसार 10 अप्रैल को देवघर, गिरिडीह, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, पाकुड़, जामताड़ा व धनबाद में ओलावृष्टि हो सकती है। 12 अप्रैल को राज्य के पूर्वी व मध्य भाग के कुछ स्थानों पर हल्के व मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।

संथाल परगना के इलाके में सुबह-सुबह मौसम साफ नजर आया है।
आज भी बारिश, ओलावृष्टि और मेघ गर्जन
झारखंड में आज के मौसम की बात करें तो देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ तथा साहिबगंज में ओलावृष्टि होने की संभावना है। वहीं मेघ गर्जन के साथ तेज हवा चलने का पूर्वानुमान किया गया है। मौसम विभाग ने बताया है कि इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है। आज ही राज्य के पश्चिम तथा निकटवर्ती मध्य भाग में कहीं-कहीं मेघ गर्जन और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ-साथ आकाश से बिजली गिरने की संभावना है। 20 से अधिक जिलों में आज के लिए ऑरेंज जारी किया गया है।
11 12 और 13 अप्रैल के लिए यलो अलर्ट
मौसम विभाग में 11, 12 और 13 अप्रैल के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कहा गया है कि राज्य के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला खरसावां के साथ-साथ देवघर, धनबाद, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा में मेघ गर्जन और तेज हवा का झोंका चल सकता है। वज्रपात की भी संभावना है।
मौसम की ऐसी ही स्थिति राज्य के इन हिस्सों में 13 अप्रैल तक जारी रहेगी। मौसम विभाग ने कहा है कि इस दौरान हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। राज्य में 15 अप्रैल तक कहीं-कहीं मेघ गर्जन के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है।

लातेहार में बुधवार को मौसम का मिजाज बदला नजर आया। सुबह से मौसम साफ है।
रांची में भी बारिश के पूरे आसार
राजधानी रांची के मौसम की बात करें तो आज आंशिक बादल छाए रहेंगे। मेघ गर्जन के साथ वर्षा की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक जा सकती है। वहीं न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहने वाला है। 11, 12 और 13 अप्रैल तक आंशिक बादल छाए रहेंगे।
मेघ गर्जन होगा। बारिश भी हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। 14 और 15 अप्रैल को भी रांची में आंशिक बादल छाए रहेंगे। मेघ वजन के साथ बारिश की संभावना है।