झारखंड में पिछले कुछ दिनों से रोजाना हो रही बारिश और वज्रपात का दौर आगे भी जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने 20 अप्रैल तक राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज रफ्तार हवा का चलना और आकाशीय बिजली गिरने के आसार व्यक्त किए हैं।
.
मौसम विभाग ने इसे देखते हुए 20 तक कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 21 अप्रैल से फिर से राजधानी रांची समेत राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश के साथ वज्रपात होने की संभावना व्यक्त की गई है।
गुरुवार दोपहर में बोकारो में हुई बारिश।
सबसे कम रहा धनबाद में न्यूनतम तापमान
इधर, पिछले 24 घंटे में राज्य में कहीं-कहीं पर आंधी के साथ हल्के दर्जे की बारिश हुई। सबसे अधिक वर्षा 6.8 एमएम अमरापारा (पाकुड़) में दर्ज की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस डाल्टेनगंज में जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस धनबाद में दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 3-4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। इसके बाद अगले दो दिन इसमें कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

आज कैसा रहेगा मौसम पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा को छोड़कर शेष सभी हिस्सों में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवा के साथ वज्रपात की संभावना है। हवा की रफ्तार 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है।
19 को भी राज्य के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर शेष सभी हिस्सों में कहीं-कहीं पर गर्जन और तेज हवा के साथ वज्रपात की संभावना है।
हवा 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। वहीं, 20 को राज्य में कहीं-कहीं गर्जन और तेज हवा के साथ वज्रपात की संभावना है।