16 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

डोनाल्ड ट्रम्प ने इंटरव्यू में अपने कार्यकाल की उपलब्धियों व एजेंडे पर बात की।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के दूसरे कार्यकाल के 100 दिन 30 अप्रैल को पूरे होंगे। इससे पहले उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा- मैं बहुत ही शानदार काम कर रहा हूं। अमेरिका की जनता मुझे फिर से राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की मांग कर रही है। लोग मुझे तीसरी बार भी अमेरिका का राष्ट्रपति बनाने को बेताब हैं।
ट्रम्प ने बताया कि राष्ट्रपति के रूप में मेरे 100 दिन अमेरिकी इतिहास में सबसे महान दिन रहे। हमने कई कानून बदले। टैरिफ से होने वाले नुकसान को रोका। छंटनी की। टैरिफ से एक साल में 170 लाख करोड़ रुपए की कमाई होगी। इससे मध्यवर्ग को राहत होगी।
ट्रम्प ने आगे कहा-

पहले कार्यकाल में बॉर्डर पर सैकड़ों मील दीवार बनाई। फिर रोक लग गई। हम मैक्सिको बॉर्डर पर दीवार बना कर रहेंगे। बॉर्डर सुरक्षित कर ड्रग्स संकट से निकलेंगे। साथ ही देश से 2 करोड़ अवैध प्रवासियों को खदेड़ कर रहेंगे।
ट्रम्प के इंटरव्यू की 7 बड़ी बातें…
- बदलाव और नीतियां: अमेरिका को ‘फिर से महान’ बनाने के लिए क्रांतिकारी बदलाव होंगे। इसमें आर्थिक सुधार, ऊर्जा नीति व विदेशी मामलों में अमेरिका फर्स्ट नीति को और विस्तार से लागू करना शामिल हैं। मेरी नीतियां जनता के कल्याण के लिए हैं।
- राष्ट्रपति की शक्ति: मैं शक्तियों का विस्तार नहीं कर रहा, बल्कि उनका सही उपयोग कर रहा हूं। मैंने वही किया, जो चुनाव में वादा किया था। सभी काम कानून के अंतर्गत दी गई शक्तियों के अनुसार कर रहा। किसी संस्था को कमजोर नहीं कर रहा।
- अर्थव्यवस्था: किराने का सामान सस्ता, ऊर्जा की कीमतें घटी हैं। सिर्फ ब्याज दरें स्थिर हैं। हम जल्द ही दुनिया के सबसे धनी देश होंगे। महंगाई बढ़ने के आरोप गलत है। मेरी सरकार द्वारा उठाए गए कदम के फायदे आगे और देखने को मिलेंगे।
- यूक्रेन युद्ध: मैंने यह बात बढ़ा-चढ़ाकर कही थी। युद्ध 3 साल से चल रहा। मैं 3 महीने पहले आया। यह बाइडेन का युद्ध है। मैं रहता तो युद्ध नहीं होता। पुतिन-जेलेंस्की से बात कर रहा हूं। जल्द समझौता होगा।
- सरकारी खर्च: डीप स्टेट खत्म होगा। यह डोजी के मिशन से मेल खाता है, जो सरकारी खर्च-नौकरशाही को कम करने पर केंद्रित है। डोजी ने अरबों डॉलर की बर्बादी, धोखाधड़ी और दुरुपयोग रोका। हम चाहते हैं सरकारी पैसा सही लोगों को मिले।
- शिक्षा सुधार: सार्वजनिक शिक्षा के बजाय निजी स्कूलों में वाउचर सिस्टम लागू होंगे। इससे अभिभावकों को बच्चों के स्कूल चुनने की आजादी मिलेगी। साथ ही ओबामाकेयर बंद होगा। इससे दवाएं व हेल्थ सर्विस सस्ते होंगे।
- विदेश नीति: हमारी विदेश नीति ‘शांति के लिए ताकत’ के सिद्धांत पर आधारित है। अमेरिका फर्स्ट नीति का और विस्तार होगा। अमेरिका को युद्ध से दूर रखा जाएगा। नाटो और संयुक्त राष्ट्र जैसे संगठनों में योगदान को और कम किया जाएगा।
अमेरिका में 2 बार राष्ट्रपति बनने का नियम ट्रम्प का कार्यकाल 2029 में पूरा होगा। अमेरिका में दो बार राष्ट्रपति बनने का प्रावधान है। ट्रम्प नवंबर में दूसरी बार राष्ट्रपति चुने गए हैं। इससे पहले वह 2017 से 2021 तक राष्ट्रपति रह चुके हैं। अगर ट्रम्प तीसरी बार राष्ट्रपति बनने की कोशिश करते हैं तो इसके लिए उन्हें संविधान में संशोधन करना होगा। इसके लिए अमेरिकी संसद और राज्यों से समर्थन की जरूरत होगी।

तीसरी बार राष्ट्रपति बनाने के लिए 2 महीने पहले बिल पेश हुआ था ट्रम्प ने सबसे पहले नवंबर में चुनाव जीतने के बाद तीसरी बार राष्ट्रपति बनने को लेकर इच्छा जताई थी। तब उन्होंने कहा था- मुझे नहीं लगता कि मैं फिर से राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लडूंगा, लेकिन आप अगर ऐसा चाहें हैं तो मैं ऐसा सोच सकता हूं।”
इसके बाद जनवरी में ट्रम्प को तीसरी बार राष्ट्रपति बनने की अनुमति देने के लिए संसद के निचले सदन हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव में एक बिल पेश किया गया था। यह बिल ट्रम्प की रिपब्लिकन पार्टी के सांसद एंडी ओगल्स ने पेश किया था।
इस बिल में कहा गया है कि कोई भी इंसान जो लगातार दो बार राष्ट्रपति रह चुका है, वो तीसरी बार राष्ट्रपति पद के लिए निर्वाचित नहीं होगा। चूंकि ट्रम्प 2020 में जो बाइडेन से चुनाव हार गए थे, ऐसे में वो तीसरी बार भी राष्ट्रपति चुने जाने के लिए योग्य होंगे।
——————————–
ट्रम्प से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें…
ट्रम्प बोले- जेलेंस्की अखबार के पन्ने पर शेखी बघार रहे, क्रीमिया वाले बयान पर फटकार लगाई

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की को फटकार लगाई है। ट्रम्प ने बुधवार को ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जेलेंस्की अखबार के पहले पन्ने पर शेखी बघार रहे हैं कि ‘यूक्रेन कानूनी रूप से क्रीमिया पर कब्जे को मान्यता नहीं देगा।’ पूरी खबर पढ़ें…