बुलंदशहर के डिबाई विधानसभा से भाजपा विधायक सीपी सिंह का भगवान परशुराम को लेकर दिया गया विवादित बयान अब उनके लिए मुसीबत बन रहा है। डिबाई विधायक के खिलाफ गुरुवार को ब्राह्मण समाज सड़क पर उतर आया। परशुराम भवन से लेकर कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला गया।
.
पूर्व विधायक गुड्डु पंडित ने बोला हमला भाजपा विधायक सीपी सिंह के बयान पर सपा के पूर्व विधायक श्रीभगवान शर्मा उर्फ गुडडू पंडित ने भी कड़ा हमला बोला है। पूर्व विधायक के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। पूर्व विधायक गुड्डु पंडित ने डीएम को ज्ञापन देते हुए कहा कि यदि विधायक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं की गई तो पूरा ब्राह्मण समाज सड़कों पर उतर जाएगा। जिले की सीमाओं को जाम कर दिया जाएगा। भगवान परशुराम पर कोई भी टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक को महंत ने भी फोन पर धमकाया भगवान परशुराम पर की गई विवादित टिप्पणी से नाराज एक महंत ने डिबाई विधायक सीपी सिंह को फोन पर जमकर हड़काया। महंत ने विधायक को हड़काते हुए मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक को लपेट लिया। फोन पर जहां विधायक जी सफाई पेश करते नजर आ रहे हैं तो महंत सात पुश्तों का विनाश करने की बात कर रहे हैं।
माफी मांग चुका : विधायक विधायक सीपी सिंह का कहना है कि मैं अपने बयान के लिए पहले ही खेद व्यक्त कर चुका हूं। मेरे बयान को तोड़ मरोड़कर वायरल किया गया। मेरे लिए ब्राह्मण समाज पूजनीय है। मैनें किसी का भी अपमान नहीं किया है। महंत जी ने भी एडिट वीडियो देखा, जिससे कि वह भड़क गए। मैं दोबारा हाथ जोड़कर ब्राह्मण समाज से खेद व्यक्त करता हूं।