.
डॉ. बीआर अंबेडकर की जयंती पर सेंट्रल सिटी में 2 जगह प्रमुख तौर पर संगठन जुटे। पहला समारोह आबादपुरा के डा. अंबेडकर भवन में हुआ। यहां मिशनरी विचार रखे गए। जालंधर सिटी में बाबा साहिब की मुंबई में तैयार की गई मिश्रित धातुओं की पहली मूर्ति का उद्घाटन हुआ। ये 180 किलो की है। प्लेटफार्म सहित ऊंचाई लगभग 9 फीट है।
दूसरी रौनक डॉ. अंबेडकर चौक में रही। यहां तमाम राजनीतिक दलों एवं संगठनों के नेताओं ने नमन किया। चौक में ग्रेनेड हमलों को लेकर सियासत गर्म रही है। पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया घर पर हुए ग्रेनेड हमले के बाद पहली बार समारोह में शामिल हुए। वह डॉ. अंबेडकर चौक में उनकी प्रतिमा पर फूलामालाएं अर्पित करने पहुंचे।
हमले के बाद उन्हें 5 गार्ड वाली पायलट गाड़ी उपलब्ध कराई गई थी। 4 गार्ड पहले से थे। कालिया ने कहा कि जब मेरे घर हमला हुआ तो कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत पहुंचे। उन्होंने कहा कि ये काम लॉरेंस बिश्नोई का है, उन्हें कैसे पता चला कि हमले के पीछे बिश्नोई है? सरकार उनकी भी जांच कराए। लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति लगातार खराब हो रही है। सरकार विफल है।