Wednesday, April 16, 2025
Wednesday, April 16, 2025
Homeउत्तर प्रदेशदिनभर धूप के बाद रात में बारिश-ओले: अलीगढ़ में दो दिन...

दिनभर धूप के बाद रात में बारिश-ओले: अलीगढ़ में दो दिन से मौसम में लगातार हो रहा बदलाव, सारी रात चली तेज हवाएं – Aligarh News



अलीगढ़ में शनिवार को दिन भर धूप निकलने के बाद रात में मौसम बदल गया। हल्की बारिश के साथ ओले भी पड़े।

अलीगढ़ में दो दिन से मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है। पूरे दिन तेज धूप निकलने के बाद रात में अचानक मौसम बदल जा रहा है और ठंडी हवाओं के साथ बारिश भी हो रही है। शनिवार रात को भी मौसम में बदलाव देखने को मिला और हवाओं के साथ हल्की बारिश भी हुई।

.

शनिवार शाम 7:15 बजे मौसम बदल गया और तेज ठंडी हवाएं चलनी शुरू हो गई। 8 बजते-बजते बिजली चमकने के साथ बारिश शुरू हो गई। इस दौरान कई इलाकों में ओले भी पड़े। मौसम में हुए बदलाव के कारण तापमान में गिरावट आ गई और लोगों को हल्की ठंडक महसूस होने लगी। जिले के मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है।

रात भर चली तेज हवाएं, गिरती रहीं फुहारें

शाम को तेज बरसात और हल्की ओलावृष्टि के बाद शनिवार रात में भी तेज हवाएं चलती रही। बिजली चमकने के साथ ही बादलों की गर्जना होती रही और कई इलाकों में बरसात हुई। कुछ इलाकों में बारिश की हल्की-हल्की फुहारें सारी रात गिरती रही।

बारिश और हवा के कारण मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की। लगातार दो दिन से बदले हुए मौसम के बाद तापमान में 5-6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई है। बीते दिनों जिले का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया था और लोग लगातार गर्मी से परेशान हो रहे थे। लेकिन मौसम बदला तो लोगों ने राहत की सांस ली है।

बारिश हुई तो होगा गेहूं को नुकसान

अलीगढ़ में इन दिनों गेहूं कटने का काम चल रहा है। खेतों में फसलें पककर खड़ी हैं और किसान लगातार इसे काट रहे हैं। गेहूं की कटी हुई फसलें भी खेतों में ही पड़ी हुई हैं। ऐसे मे मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण किसानों की परेशानी बढ़ी हुई है। क्योंकि अगर ज्यादा बारिश हुई तो फसलों को नुकसान हो जाएगा।

हालांकि शनिवार को तेज हवाओं के साथ ही हल्की बारिश और ओलावृष्टि ही हुई। कुछ देर रिमझिम बरसात होने के बाद यह थम गई और तेज हवाएं चलती रही। जिससे फसलों को ज्यादा कुछ नुकसान नहीं हुआ है। लगातार बदले हुए मौसम को देखते हुए किसान लगातार अपनी पकी हुई फसलों को काटने में जुटे हैं।



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular