नई दिल्ली3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
चुनाव दोपहर 2 बजे नगर निकाय की साधारण अप्रैल बैठक में होगा।
दिल्ली नगर निगम (MCD) के चुनाव के लिए आज (शुक्रवार) वोटिंग होगी। मेयर और डिप्टी मेयर पद के लिए मतदान किया जाएगा। भाजपा की ओर से पूर्व मेयर राजा इकबाल सिंह और कांग्रेस की ओर से मंदीप सिंह मेयर पद के लिए मैदान में हैं।
वहीं, AAP चुनाव का बहिष्कार कर चुकी है। विधानसभा में नेता विपक्ष आतिशी और पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने 21 अप्रैल को इसकी घोषणा की थी। भारद्वाज ने कहा था कि बगैर किसी बाधा के भाजपा अपना मेयर बना ले और ‘चार इंजन की सरकार’ बहाना बनाए बिना चलाए।
डिप्टी मेयर के लिए भाजपा ने बेगमपुर वार्ड से पार्षद जय भगवान यादव और कांग्रेस ने अबुल फजल एन्क्लेव वार्ड से अरीबा खान को उतारा है। चुनाव में भाजपा की जीत तय है क्योंकि भाजपा के पास 117 और कांग्रेस के पास सिर्फ आठ पार्षद हैं।
चुनाव दोपहर 2 बजे नगर निकाय की साधारण अप्रैल बैठक में होगा। आईडी वैरिफिकेशन के बाद ही बैठक हॉल में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। मोबाइल फोन या अन्य इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उम्मीदवारों को समर्थक न लाने के भी निर्देश दिए गए हैं।

भाजपा के पास बहुमत भाजपा दो साल बाद MCD में फिर से सत्ता हासिल करने जा रही है। MCD के मेयर और डिप्टी मेयर पद के चुनाव में 250 पार्षदों के अलावा दिल्ली के 10 सांसद (लोकसभा से सात और राज्यसभा से तीन) और 14 विधायक भी वोट डालते हैं।
हालांकि, इस समय 238 निगम पार्षद हैं। 11 पार्षदों के विधायक बनने और एक के सांसद बनने से कुल 12 सीटें खाली हुई हैं। इस लिहाज से वोट देने वालों की कुल संख्या 262 होती हैं। MCD में इस समय भाजपा के 117, AAP के 113 और कांग्रेस के आठ पार्षद हैं।
लोकसभा की सभी सीटें भाजपा जबकि राज्यसभा की सभी सीटें AAP के पास हैं। वहीं, विधानसभा स्पीकर विजेंद्र गुप्ता ने भाजपा के 11 और AAP के तीन विधायक नामित किए हैं। ऐसे में भाजपा के पास कुल 135 वोट हैं जो बहुमत के आंकड़े से तीन ज्यादा है।
पिछले मेयर चुनाव में AAP 3 वोटों से जीती

AAP कैंडिडेट महेश खिंची 3 वोटों से मेयर चुनाव जीते।
इससे पहले नंवबर 2022 में दिल्ली मेयर चुनाव हुआ था। AAP कैंडिडेट महेश खिंची ने भाजपा के किशन लाल को सिर्फ तीन वोटों से हराया था। खिंची को 133 वोट, जबकि लाल को 130 वोट मिले। 2 वोट अवैध घोषित किए गए। तब भाजपा के 104 और AAP के 134 पार्षद थे।
दसअसल, AAP के 10 पार्षदों ने क्रॉस वोटिंग की। AAP और भाजपा दोनों के पक्ष में बराबर 132-132 वोट पड़े। लेकिन भाजपा के दो वोट अमान्य घोषित कर दिए गए। वोटिंग के दौरान एक कांग्रेस पार्षद सबीला बेगम ने AAP को वोट कर दिया।
इस तरह AAP को एक और वोट मिल गया और उसका आंकड़ा 133 पहुंच गया जबकि भाजपा 130 पर अटक गई।
फरवरी में 3 AAP पार्षद भाजपा में शामिल हुए थे

फरवरी में आम आदमी पार्टी के 3 पार्षद भाजपा में शामिल हुए थे। भाजपा में शामिल होने वालों में एंड्रयूज गंज से पार्षद अनीता बसोया, आरके पुरम से पार्षद धर्मवीर और चपराना से पार्षद निखिल थे। भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने उन्हें पार्टी में शामिल करवाया। इनके अलावा AAP के 4 नेताओं ने भी भाजपा जॉइन की। संदीप बसोया अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए। वे AAP से नई दिल्ली के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं। पूरी खबर पढ़ें…
विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 48 सीटें जीतीं, AAP की सीटें घटकर 22 हुईं

8 फरवरी को आए दिल्ली चुनाव के रिजल्ट में भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीतकर 26 साल बाद सत्ता में वापसी की। पिछले 2 विधानसभा चुनावों की तरह कांग्रेस को इस बार भी एक भी सीट पर जीत नहीं मिली। भाजपा की 71% स्ट्राइक रेट के साथ 40 सीटें बढ़ीं। वहीं, AAP को 40 सीटों का नुकसान हुआ। आप का स्ट्राइक रेट 31% रहा। पूरी खबर पढ़ें…