- Hindi News
- National
- Delhi Election LIVE 2025 Update; Arvind Kejriwal PM Modi AAP ABJP Congress
नई दिल्ली12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
एस जयशंकर ने दिल्ली की साउथ इंडियन कम्युनिटी से ‘विकसित दिल्ली-विकसित भारत’ विषय पर चर्चा की।
दिल्ली विधानसभा चुनाव से चार दिन पहले विदेश मंत्री एस जयशंकर ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर लोगों को बेसिक सुविधाएं मुहैया न कराने का आरोप लगाया। जयशंकर ने कहा कि उन्हें देश के बाहर यह बात स्वीकार करने में शर्म आती है कि दिल्ली में लोगों को केंद्र सरकार की तरफ से दी जा रहीं मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं।
दिल्ली की साउथ इंडियन कम्युनिटी से ‘विकसित दिल्ली-विकसित भारत’ विषय पर चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि जब भी मैं विदेश जाता हूं, मैं दुनिया से एक बात छिपाता हूं। मुझे विदेश में यह बताने में शर्म महसूस होती है कि राजधानी में रह रहे लोगों को घर नहीं मिल रहे, गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे, जल जीवन मिशन के तहत पाइप वाला पानी नहीं मिल रहा और न ही आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि बीते दशक में दिल्ली बहुत पीछे रह गई है। दिल्ली के नागरिकों को पानी, बिजली, गैस सिलेंडर और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने दिल्ली की जनता से अपील की कि वे दिल्ली की सरकार बदलने के लिए वोट करें।
दिल्ली में 5 फरवरी को वोटिंग, 8 फरवरी को रिजल्ट

दिल्ली में 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर वोटिंग होगी। वहीं, 8 फरवरी को नतीजे घोषित किए जाएंगे। 70 विधानसभा सीटों के लिए कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं। विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है।
अपडेट्स
10:05 PM1 फ़रवरी 2025
- कॉपी लिंक
संजय सिंह ने दिल्ली चुनाव आयोग को पत्र लिखा, AAP कार्यकर्ताओं पर हमले की बात कही
आम आदमी पार्टी (AAP) के नेता संजय सिंह ने शनिवार को दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) को पत्र लिखकर अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं पर हुए कथित हमले का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के चेम्सफोर्ड क्लब की झुग्गियों में BJP कार्यकर्ताओं ने AAP कार्यकर्ताओं पर हमला किया।
इसके साथ ही संजय सिंह ने संसद मार्ग पुलिस थाने के SHO को तुरंत निलंबित करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि नई दिल्ली विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार प्रवेश वर्मा और उनके समर्थकों ने AAP कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की और महिला कार्यकर्ता के साथ बदसलूकी की। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस ने BJP कार्यकर्ताओं का साथ दिया और AAP कार्यकर्ताओं की कोई मदद नहीं की।