मुंबई10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
राणे ने कहा- मेरी मांग है कि जुटाए सबूतों के आधार पर FIR दर्ज कर आदित्य ठाकरे को गिरफ्तार किया जाए।
दिशा सालियान केस में बीजेपी सांसद नारायण राणे ने शनिवार को दावा किया कि उद्धव ठाकरे ने दिशा सालियान केस में उनके बेटे आदित्य ठाकरे का नाम न लेने का अनुरोध किया था। नारायण राणे ने कहा कि

दिशा सालियान के पिता को हाई कोर्ट जाना पड़ा क्योंकि अब तक उन्हें न्याय नहीं मिला। उन्हें पुलिस पर भरोसा नहीं था, इसलिए उन्होंने अदालत का रुख किया। जब उद्धव ठाकरे मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने दो बार मुझसे बात की और अनुरोध किया कि मैं उनके बेटे आदित्य का नाम इस केस में न घसीटूं। -राणे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा
राणे ने कहा कि मेरी मांग है कि अब तक जुटाए गए सबूतों के आधार पर FIR दर्ज कर आदित्य ठाकरे को गिरफ्तार किया जाए।
इससे पहले दिशा के पिता सतीश सालियान ने अपनी बेटी की मौत की नए सिरे से जांच के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट में याचिका दी। इसमें उन्होंने शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे के खिलाफ FIR दर्ज करने और मामले की जांच CBI को सौंपने की मांग की है।
क्या है दिशा सालियान मामला? दिशा सालियान, जो दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर थीं। 8 जून, 2020 को मुंबई के मलाड इलाके की 14वीं मंजिल से गिरकर दिशा की मौत हो गई थी। पुलिस ने इसे आत्महत्या बताया था। पिता सतीश सालियान ने आरोप लगाया कि दिशा की गैंगरेप के बाद हत्या की गई थी। लेकिन राजनीतिक दबाव में मामले को दबा दिया गया।
शुरुआत में, दिशा के पिता को मुंबई पुलिस की जांच पर भरोसा था, लेकिन बाद में उन्हें लगा कि यह केवल एक ‘कवर-अप’ ऑपरेशन था। अब याचिका में सूरज पांचोली, डिनो मोर्या और मुंबई पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

भाजपा नेता का दावा- गैंगरेप के बाद हत्या हुई भाजपा नेता नितेश राणे ने 3 साल पहले दिशा से गैंगरेप के बाद उनकी हत्या का आरोप लगाया था। हालांकि, दिशा के पेरेंट्स ने बेटी को बदनाम करने की साजिश बताते हुए नितेश पर ही केस दर्ज कराया था।
अब 5 साल बाद दिशा के पिता का कहना है कि उन्हें नजरबंद करके पुलिस के पेश सबूतों को सच मानने के लिए मजबूर किया गया था।
सुशांत के पिता बोले- दिशा के पिता ने सही किया सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने कहा- पहले दिशा सालियान के पिता ने कहा था वे कुछ नहीं जानते हैं, बेटी ने आत्महत्या ही की होगी। ये मुझे नहीं पता कि बाद में वह किस बात पर कह रह हैं कि ये आत्महत्या नहीं हत्या है। हालांकि, पहले की सरकार और अब की सरकार में फर्क है। वर्तमान मुख्यमंत्री अपने स्तर पर जो भी करेंगे सही करेंगे।

विपक्ष बोला- बिहार चुनाव आते ही मुद्दा उछाला जा रहा
एनसीपी (SCP) के विधायक रोहित पवार: भाजपा ने 5 साल पहले भी बिहार चुनाव के समय सुशांत सिंह राजपूत की मौत को लेकर राजनीति की थी। अब फिर 4 महीने बाद बिहार में विधानसभा चुनाव हैं। इसको लेकर भाजपा ने दोबारा राजनीति शुरू कर दी है।
शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत: मैंने पूरे मामले की पुलिस जांच देखी है, यह हत्या नहीं एक दुर्घटना थी। उसके पिता ने घटना के पांच साल बाद याचिका दायर की है। भाजपा-शिवसेना की औरंगजेब पर राजनीति करने की कोशिश फेल हो गई। औरंगजेब के मुद्दे से अपना पल्ला झाड़ने के लिए वे दिशा सालियान मामले को हवा दे रहे हैं।
महाराष्ट्र के मंत्री बोले- दिशा के पिता सबूत सौंपें

सालियान के वकील बोले- FIR दर्ज नहीं की जा रही दिशा सालियान केस में उनके पिता के वकील निलेश ओझा ने बताया कि सितंबर 2023 में उन्होंने एक जनहित याचिका (PIL) दायर कर FIR दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद दिसंबर 2023 में शिंदे सरकार ने इस मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया।
उन्होंने आगे कहा कि 12 जनवरी 2024 को इस मामले में एक लिखित शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें आदित्य ठाकरे, सूरज पंचोली और अन्य लोगों पर गैंगरेप का आरोप लगाया गया था। लेकिन एक साल से ज्यादा समय बीत जाने के बावजूद FIR दर्ज नहीं हुई।

8 जून 2020 को दिशा की मौत हुई
8 जून, 2020 को दिशा की मौत के कुछ दिन बाद एक वीडियो आया था। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि वीडियो उनकी मौत से एक घंटे पहले का था। वीडियो में दिशा अपने दोस्तों के साथ डांस करती नजर आ रही हैं।
वीडियो में दिशा के बॉयफ्रेंड रोहन भी नजर आ रहे हैं। दावा किया गया था कि दिशा ने वीडियो 8 जून, 2020 की रात 11:48 बजे दोस्तों के वॉट्सऐप ग्रुप में पोस्ट किया था। करीब एक घंटे के बाद उन्होंने सुसाइड कर लिया था।
वीडियो सामने आने के बाद सवाल उठे थे कि जब वे इतनी खुश थीं तो उन्होंने सुसाइड क्यों किया। हालांकि, वीडियो के बारे में किसी भी तरह की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी।
2022 में भाजपा नेता नितेश राणे ने दिशा सालियान की मौत लेकर कई आरोप लगाए थे। राणे ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए एंटीलिया केस में जेल में बंद बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वझे से भी जोड़ा था।

CBI जांच की मांग कर चुके हैं राणे नितेश राणे मामले में इससे पहले भी कई आरोप लगा चुके हैं। इसके चलते उन्होंने CBI जांच की भी मांग की थी। करीब 2 साल पहले राणे ने कहा था, ‘दिशा ने डायल 100 पर मदद मांगी थी और सबकुछ बताया था। पुलिस के पास जरूर जानकारी होगी, क्योंकि यह रिकॉर्डेड कॉल था।’
उन्होंने कहा था, ‘मुंबई पुलिस उनकी मदद नहीं कर सकी, इसलिए उन पर भी सवाल खड़ा होता है। मैं एक लीड दे रहा हूं। इसकी CBI जांच की जानी चाहिए। अगर CBI चाहे तो मैं उनकी मदद करने को तैयार हूं।’
इससे पहले नितेश राणे ने गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखकर दिशा के बॉयफ्रेंड रोहन राय की सुरक्षा की मांग की थी। उन्होंने लिखा था कि रोहन का बयान दिशा और सुशांत मौत की जांच के लिए बहुत अहम होगा। इससे कई कड़ियां खुल सकती हैं क्योंकि इस बात का पूरा यकीन है कि दोनों की मौत का कनेक्शन आपस में जुड़ा हुआ है।
—————————————————-
महाराष्ट्र की राजनीति से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें…
शिवसेना-UBT बोली- भाजपा के पेट में नया शिवाजी पल रहा:इतिहास खत्म करने की कोशिश; BJP सांसद बोले थे- मोदी हमारे छत्रपति शिवाजी

नागपुर हिंसा को लेकर शिवसेना (उद्धव गुट) के मुखपत्र ‘सामना’ ने भाजपा और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा।
लेख में कहा गया है भाजपा के पेट में नया शिवाजी पल रहा है। इसी वजह से वे छत्रपति शिवाजी के इतिहास को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं। सामना ने लिखा कि लोकसभा में भाजपा के ओडिशा के बारगढ़ से सांसद प्रदीप पुरोहित ने कहा था, ‘हमारे शिवाजी मोदी हैं। मोदी पिछले जन्म में छत्रपति शिवाजी थे।’ पूरी खबर पढ़ें…