Saturday, March 15, 2025
Saturday, March 15, 2025
Homeदेशदेश की चौथी सबसे अमीर महिला की BJP से बगावत: टिकट...

देश की चौथी सबसे अमीर महिला की BJP से बगावत: टिकट न देने पर निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान; जिंदल बोलीं- मैं इनकी सदस्य नहीं – Hisar News


हिसार में टिकट कटने पर जिंदल हाउस पर उमड़े जिंदल समर्थक।

हरियाणा में भाजपा ने देश की चौथी सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल को टिकट नहीं दी। इसके खिलाफ सावित्री जिंदल ने बगावत कर दी है। उन्होंने हिसार सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है।

.

सावित्री जिंदल ने गुरूवार को कहा- मैं भाजपा की प्राथमिक सदस्य नहीं हैं। मैं दिल्ली से वापस आपको चुनाव न लड़ने के बारे में बोलने के लिए आई थी। मगर, आप लोगों का प्यार और विश्वास देखकर मैं चुनाव लड़ूंगी।

खास बात यह है कि सावित्री जिंदल मशहूर उद्योगपति व कुरूक्षेत्र से BJP के सांसद नवीन जिंदल की मां हैं। हिसार सीट पर उनका मुकाबला भाजपा के मंत्री डॉ. कमल गुप्ता से होगा।

भाजपा ने कल बुधवार को 90 विधानसभा सीटों में से 67 पर उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी। जिसमें हिसार से सावित्री जिंदल का नाम न देख उनके समर्थक भड़क उठे। वह गुरूवार सुबह जिंदल हाउस पहुंचकर हंगामा करने लगे। उन्होंने मांग की थी कि सावित्री जिंदल निर्दलीय चुनाव लड़े। समर्थक उनके पति स्व. ओपी जिंदल की फोटो भी साथ लेकर आए थे।

वायरल मैसेज के बाद इकट्‌ठा हुए समर्थक
सावित्री जिंदल का टिकट कटने से समर्थकों में काफी नाराजगी रही। जिसके बाद समर्थक गुरुवार सुबह से ही जिंदल हाउस पहुंचना शुरू हो गए हैं। सावित्री जिंदल एक दिन पहले ही दिल्ली रवाना हो गई थी। इस दौरान यह भी सामने आया कि एक मैसेज वायरल किया गया था, जिसमें जिंदल समर्थकों को जिंदल हाउस पहुंचने को कहा गया था। जिसके बाद यहां भीड़ जुट गई। हालांकि जिंदल हाउस का कहना है समर्थक खुद आ रहे हैं हमारी तरफ से किसी को कोई मैसेज नहीं किया गया।

हिसार सीट से कमल गुप्ता को मिला BJP टिकट…

कौन हैं सावित्री जिंदल…

देश की चौथी सबसे अमीर सावित्री जिंदल, 2.77 लाख करोड़ की मालकिन
जिंदल परिवार की मुखिया एवं जिंदल समूह की चेयरपर्सन सावित्री जिंदल देश में चौथे नंबर पर सबसे अमीर हैं। इसके अलावा वह देश की सबसे अमीर महिला भी हैं। सावित्री जिंदल हरियाणा के हिसार की रहने वाली हैं और स्टील किंग स्व. ओपी जिंदल की पत्नी हैं। इनके बेटे नवीन जिंदल कुरूक्षेत्र से भाजपा सांसद हैं। फॉर्च्यून इंडिया ने सबसे अमीर लोगों की सूची जारी की है। जिसके मुताबिक 74 वर्षीय सावित्री देवी जिंदल लगभग 2.77 लाख करोड़ रुपए की मालकिन हैं। टॉप 10 में इकलौती महिला होने के साथ वह चौथे स्थान पर हैं।

पति ओपी जिंदल की फोटो के साथ बैठीं सावित्री जिंदल।

पति ओपी जिंदल की फोटो के साथ बैठीं सावित्री जिंदल।

कोलकाता में लगाई पहली फैक्ट्री
हिसार के गांव नलवा में जन्मे ओपी जिंदल किसान परिवार से आते हैं। छठी कक्षा तक पढ़े ओपी जिंदल अपने भाइयों की तरह ही बाहर जाकर कमाना चाहते थे। दूसरे विश्व युद्ध के अंतिम समय में असम अमेरिकी फौजियों का बड़ा गढ़ था। इसलिए युद्ध के बाद लोहे और इस्पात से बना बहुत सा माल, वे यहीं छोड़ गए थे। ओपी जिंदल को यहीं से व्यापार करने का आइडिया आया।

साल 1952 में जिंदल ने कोलकाता के पास लिलुआ में पाइप बेंड और सॉकेट बनाने की फैक्ट्री लगाई। उन्होंने इस फैक्ट्री का नाम जिंदल इंडिया लिमिटेड रखा। यहीं से उनके सफर की शुरुआत हुई। ओपी जिंदल असम के बाजारों से नीलामी में पुराने पाइप खरीदते थे और उन्हें कोलकाता में बेचते थे। टाटा और कलिंग के बाद भारत में यह तीसरी इस किस्म की फैक्ट्री थी। इसके बाद 1960 में ओपी जिंदल अपने पैतृक जिले हिसार में वापस आ गए।

कुरूक्षेत्र से BJP सांसद बेटे नवीन जिंदल के साथ सावित्री जिंदल।

कुरूक्षेत्र से BJP सांसद बेटे नवीन जिंदल के साथ सावित्री जिंदल।

हिसार में बाल्टी बनाने का काम शुरू किया
ओपी जिंदल ने हिसार आकर सबसे पहले बाल्टी बनाने की फैक्ट्री लगाई। इससे आमदनी शुरू हुई तो 1962 में जिंदल इंडिया लिमिटेड हिसार में भी फैक्ट्री खोल दी। इसके बाद 1969 में जिंदल स्ट्रिप्स लिमिटेड के नाम से फैक्ट्री खोली। आज इसका नाम स्टेनलेस है। अब जिंदल ग्रुप का देश विदेश में इस्पात, बिजली, सीमेंट और बुनियादी ढांचे में निवेश है।

साल 2005 में हेलिकॉप्टर क्रैश में ओपी जिंदल की मौत के बाद जिंदल समूह की कंपनियों का 4 बेटों में बंटवारा हो गया। उनमें से एक बिजनेस टाइकून सज्जन जिंदल हैं, जो JSW स्टील चलाते हैं।

25 अरब डॉलर तक पहुंची संपत्ति
ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक जिंदल ग्रुप की अध्यक्ष सावित्री जिंदल की कुल संपत्ति में पिछले 2 साल में भारी इजाफा हुआ है। सावित्री जिंदल फोर्ब्स की सूची में 2020 में 349वें नंबर पर थीं। इसके बाद अगले ही साल 2021 में 234 और 2022 में 91वें नंबर पर पहुंच गई।

15 साल की उम्र में 6 बच्चों के पिता से शादी की
सावित्री जिंदल का जन्म असम के तिनसुकिया में 20 मार्च 1950 को जन्म हुआ था। उनकी 15 साल की उम्र में ओपी जिंदल से शादी हो गई। ओपी जिंदल की यह दूसरी शादी थी। जिंदल को पहले पत्नी विद्या देवी से 6 बच्चे हैं। नवीन जिंदल सावित्री जिंदल का बेटे हैं और नवीन की 3 और बहने भी हैं। सावित्री देवी ने छोटी उम्र में 6 बच्चों के साथ-साथ पति और अपने 4 बच्चों को भी पाला।

2005 में पति की मौत के बाद बिजनेस संभाला और राजनीति में भी हाथ आजमाए। सावित्री जिंदल ने पति की मौत के बाद 2005 में हिसार से उपचुनाव लड़ा और जीतकर राजनीति में एंट्री की। लगातार दो चुनाव जीतकर हरियाणा कैबिनेट में मंत्री बनी।

सावित्री जिंदल की 15 साल की उम्र में 35 वर्षीय ओपी जिंदल के साथ शादी हो गई थी।

सावित्री जिंदल की 15 साल की उम्र में 35 वर्षीय ओपी जिंदल के साथ शादी हो गई थी।

मां के साथ पिता की भी भूमिका निभाई
सावित्री जिंदल ने एशियावन मैगजीन को दिए इंटरव्यू में कहा था कि मैं आम भारतीय नारी की तरह की घर में रहकर परिवार की देखभाल कर रही थी। अचानक पति (ओपी जिंदल) की मौत के बाद मुझे बिजनेस संभालना पड़ा। अगर किसी के पिता का साया अचानक सिर से उठ जाए तो मां को पिता की भूमिका निभानी पड़ती है। जिंदल साहब अपने पीछे समाज और परिवार को प्रेम के सूत्र में बांधे रखने की विरासत छोड़ गए थे।

उनमें सबको साथ लेकर चलने की अद्भुत क्षमता थी, इसलिए उनसे प्रेरणा लेकर मैंने एक कड़ी के रूप में अपनी भूमिका निभाई। बच्चों के साथ भी और हिसार-हरियाणा परिवार के साथ भी। मुझे अपने बच्चों पर बहुत गर्व है, जिन्होंने जिंदल साहब के दिखाए रास्ते पर चलते हुए न सिर्फ बिजनेस को सफलतापूर्वक संभाला है, बल्कि प्यार से साथ रहकर अपना बिजनेस और परिवार भी एक साथ चला रहे हैं।

आज के माहौल में 2 भाइयों का एक साथ रहना मुश्किल है लेकिन हमारे लिए यह बड़ी बात है कि मेरे सभी बच्चे एक साथ प्यार से रह रहे हैं। जिंदल साहब की भी यही सोच थी कि सबको मिलजुल कर रहना चाहिए और हमारे बच्चे उनकी इच्छा का सम्मान करते थे। हम सब एक साथ हैं। मेरी नजर में प्यार और आपसी विश्वास ही सफलता की कुंजी है।



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular