नई दिल्ली/भोपाल/लखनऊ37 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मौसम विभाग ने शनिवार को देश के 29 राज्यों में आंधी-बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। मध्यप्रदेश में शुक्रवार को कई जिलों में तेज आंधी चली और बारिश भी हुई। विदिशा जिले में कथा का पंडाल उड़ गया। इसमें 6 लोग घायल हुए।
मॉनसून आने के पहले ही केरल के कई जिलों में भारी बारिश जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों के राज्य में मानसून आने की संभावना है। इस दौरान बहुत तेज बारिश होगी।
24 मई को कुल 9 जिलों, 25 मई को सात, 26 मई को चार और 27 मई को छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किए गए हैं। भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) ने आज अलग-अलग तटों पर 3.5 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश में बीत 3 दिन में आंधी-बारिश से जुड़ी घटनाओं में मरने वालों का आंकड़ा 60 पर पहुंच गया है। सबसे ज्यादा 6 लोगों की मौत फतेहपुर में हुई। लखनऊ से दिल्ली के बीच 4 फ्लाइटें निरस्त रहीं। गोरखपुर में सबसे ज्यादा 74 मिमी बारिश हुई।
अन्य राज्यों के उलट शुक्रवार को राजस्थान में मौसम गर्म रहा। जैसलमेर में तापमान 48°C दर्ज किया गया। आज भी 2 जिलों में गर्मी का रेड, 7 जिलों में ऑरेंज और 2 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा 12 शहरों में बारिश का ऑरेंज और 10 जिलों में येलो अलर्ट है।
इधर, तमिलनाडु के चेन्नई में खराब मौसम के कारण दुबई, कोलंबो, मुंबई और नई दिल्ली से आने वालीं 12 फ्लाइट्स देरी से उड़ीं। हैदराबाद से आने वाली दो उड़ानों को बेंगलुरु डायवर्ट किया गया।
वहीं, दिल्ली में शुक्रवार को दिन का तापमान 37.1°C रहा। मौसम विभाग ने आज बादल छाए रहने, बहुत हल्की बारिश, गरज के साथ छींटे, बिजली गिरने की संभावना जताई है।

राज्यों से मौसम की तस्वीरें…

कोलकाता में शुक्रवार शाम को बारिश हुई, कई टू-व्हीलर वाहन फिसले।

कर्नाटक के चिकमंगलूर में बारिश से बचने के लिए प्लास्टिक शीट ओढ़े महिलाएं।
केरल में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध मौसम विभाग ने तटीय और आंतरिक क्षेत्रों में तेज आंधी में चेतावनी दी है। मछुआरों सहित आम लोगों को एहतियाती उपाय करने की सलाह दी है। केरल-कर्नाटक-लक्षद्वीप तटों पर 23 से 27 मई तक मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
