भारतीय जनता पार्टी बरटांड मंडल की ओर से धनबाद नगर निगम कार्यालय के समक्ष आज जोरदार धरना प्रदर्शन किया गया। धरनार्थियों ने नगर निगम पर विकास कार्यों की अनदेखी और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया।
धरने में मुख्य रूप से शामिल विधायक राज सिन्हा ने कहा कि जिले में विकास पूरी तरह से ठप हो गया है। सड़कों, नालियों और स्ट्रीट लाइट की हालत बदतर है। गर्मी शुरू होने वाली है, लेकिन पेयजल आपूर्ति को लेकर कोई तैयारी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि ऊंचे इलाकों में पानी की सप्लाई बाधित है, और कई सड़कें चलने लायक नहीं बची हैं।
विधायक ने नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही बरतने और सीओ कार्यालय में भ्रष्टाचार के चरम पर होने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और यह मुद्दा विधानसभा में भी उठाया जाएगा।