हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों के लिए आज सुबह 8 बजे से काउंटिंग शुरू होगी। रुझान सुबह 9 बजे से आने शुरू हो जाएंगे। सभी की नजरें नायब सैनी की सरकार में मंत्री रहे नेताओं की सीट पर लगी हुई है। 10 मंत्री चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि 3 मंत्रियों को टिकट नहीं दि
.
5 अक्टूबर को हुए चुनाव में प्रदेश में 67.90% फीसदी वोटिंग हुई है, जो पिछले चुनाव से 0.03% कम है।
सैनी सरकार में मंत्री रहे नेताओं की क्या स्थिति | ||
विधानसभा सीट | उम्मीदवार | आगे/पीछे |
पंचकूला | ज्ञानचंद गुप्ता | – |
जगाधरी | कंवरपाल गुर्जर | – |
बल्लभगढ़ | मूलचंद शर्मा | – |
लोहारू | जयप्रकाश दलाल | – |
रानियां | रणजीत चौटाला | – |
हिसार | डॉ. कमल गुप्ता | – |
पानीपत ग्रामीण | महिपाल ढांडा | – |
अंबाला सिटी | असीम गोयल | – |
थानेसर | सुभाष सुधा | – |
नूंह | संजय सिंह | – |
नांगल चौधरी | अभय सिंह यादव | – |
अब सिलसिलेवार ढंग से जानिए इनकी सीटों का हाल….
पंचकूला : ज्ञानचंद गुप्ता मनोहर-नायब सरकार में स्पीकर रहे
मनोहर लाल खट्टर और नायब सैनी की सरकार में स्पीकर रहे ज्ञानचंद गुप्ता भाजपा के टिकट पर पंचकूला से चुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के बड़े बेटे चंद्रमोहन बिश्नोई को टिकट दिया है। 5 अक्टूबर को हुए चुनाव में पंचकूला विधानसभा सीट पर 59.37 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
जगाधरी : सैनी सरकार में कृषि मंत्री रहे कंवरपाल गुर्जर
कंवरपाल गुर्जर नायब सैनी सरकार में कृषि मंत्री थे। भाजपा ने उन्हें लगातार तीसरी बार जगाधरी से टिकट दिया है। यहां कांग्रेस के चौधरी अकरम खान और आम आदमी पार्टी (AAP) के आदर्श पाल सिंह चुनाव मैदान में हैं। 5 अक्टूबर को हुए चुनाव में जगाधरी विधानसभा सीट पर 78.34 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
बल्लभगढ़ : सैनी सरकार में इंडस्ट्रीज मंत्री रहे मूलचंद शर्मा
मूलचंद शर्मा नायब सैनी की सरकार में इंडस्ट्रीज मंत्री थे। भाजपा ने उन्हें बल्लभगढ़ सीट से टिकट दिया है। उनके सामने कांग्रेस के पराग शर्मा हैं। 5 अक्टूबर को हुए चुनाव में बल्लभगढ़ विधानसभा सीट पर 53.27 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
लोहारू : जेपी दलाल सैनी सरकार में वित्त मंत्री रहे
जयप्रकाश दलाल मनोहर लाल खट्टर की दूसरी टर्म की सरकार में कृषि मंत्री थे। नायब सैनी के मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें वित्त मंत्रालय दिया गया। भाजपा ने उन्हें लोहारू से दोबारा टिकट दिया है। उनके सामने कांग्रेस के राजबीर फरटिया हैं। 5 अक्टूबर को हुए चुनाव में लोहारू विधानसभा सीट पर 73.66 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
रानियां : भाजपा से बागी होकर लड़ रहे रणजीत चौटाला
रानियां : रणजीत चौटाला मनोहर लाल खट्टर और नायब सैनी की सरकार में उर्जा और जेल मंत्री रहे। 2024 लोकसभा चुनाव में हिसार सीट से चुनाव लड़ने के कारण उन्होंने विधानसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। इस बार वह रानियां सीट से भाजपा से टिकट मांग रहे थे, लेकिन भाजपा ने उन्हें टिकट नहीं दिया। भाजपा से बागी होकर वह निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।
उनके सामने कांग्रेस के सर्वमित्र कंबोज, भाजपा के शीशपाल कंबोज और इनेलो के अर्जुन चौटाला चुनाव मैदान में हैं। 5 अक्टूबर को हुए चुनाव में रानियां विधानसभा सीट पर 75.91 प्रतिशत वोटिंग हुई।
हिसार : खट्टर सरकार में निकाय और सैनी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे
डॉ. कमल गुप्ता को मनोहर लाल खट्टर की दूसरी टर्म की सरकार में निकाय मंत्री बनाया गया था। नायब सैनी के मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें स्वास्थ्य विभाग सौंपा गया। भाजपा ने उन्हें लगातार तीसरी बार हिसार से टिकट दिया है। 5 अक्टूबर को हुए चुनाव में हिसार विधानसभा सीट पर 61.44 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
पानीपत ग्रामीण : सैनी सरकार में सहकारिता मंत्री बने ढांडा
महिपाल ढांडा को नायब सिंह सैनी सरकार में पंचायत, विकास और सहकारिता विभाग दिया गया था। भाजपा ने उन्हें लगातार तीसरी बार पानीपत ग्रामीण सीट से टिकट दिया है। उनके सामने कांग्रेस के सचिन कुंडू मैदान में हैं। 5 अक्टूबर को हुए चुनाव में 69.34 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
अंबाला सिटी : असीम गोयल सैनी सरकार में परिवहन मंत्री बने
असीम गोयल को नायब सिंह सैनी की सरकार में परिवहन राज्यमंत्री बनाया गया था। भाजपा ने उन्हें दोबारा अंबाला सिटी से टिकट दिया है। उनके सामने कांग्रेस से पूर्व केंद्रीय मंत्री निर्मल सिंह मोहड़ा चुनाव मैदान में हैं। 5 अक्टूबर को हुए चुनाव में अंबाला सिटी विधानसभा सीट पर 63.02 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
थानेसर : सैनी सरकार में निकाय मंत्री बने सुधा
सुभाष सुधा को नायब सिंह सैनी की सरकार में शहरी निकाय मंत्रालय दिया गया था। भाजपा ने दोबारा उन्हें थानेसर से टिकट दिया है। उनके सामने कांग्रेस के अशोक अरोड़ा चुनाव मैदान में हैं। 5 अक्टूबर को हुए चुनाव में थानेसर विधानसभा सीट पर 65.01 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
नूंह : संजय सिंह की सीट बदली
संजय सिंह 2019 विधानसभा चुनाव में सोहना से विधायक बने थे। इस चुनाव में भाजपा ने उन्हें नूंह से उम्मीदवार बनाया है। नायब सिंह सैनी के मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्हें प्रिंटिंग एवं स्टेशनरी मंत्री बनाया गया था। उनके सामने कांग्रेस के आफताब अहमद उम्मीदवार हैं। 5 अक्टूबर को हुए चुनाव में नूंह विधानसभा सीट पर 74.42 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
नांगल चौधरी : सैनी सरकार में सिंचाई मंत्री रहे अभय यादव
अभय सिंह यादव को नायब सिंह सैनी सरकार में सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री बनाया गया था। भाजपा ने उन्हें दोबारा नांगल चौधरी से टिकट दिया है। उनके सामने कांग्रेस की मंजू चौधरी हैं। 5 अक्टूबर को हुए चुनाव में नांगल चौधरी विधानसभा सीट पर 70.42 प्रतिशत वोटिंग हुई है।