नालंदा में खेत में फसल चराने के विवाद में पड़ोसियों ने पोते के सीने में गोली मार दी। बीच-बचाव करने पहुंचे दादा पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के मंडाछ गांव की है।
.
मृतक की पहचान प्रमोद यादव के पुत्र विकास कुमार(22) के तौर पर हुई है। अस्पताल में भर्ती दादा अजित यादव ने बताया, ‘विकास सुबह के समय महादेव स्थान की ओर जा रहा था। रास्ते में कुछ लोग घेरकर उसे पीटने लगे। जानकारी मिलते ही मैं मौके पर पहुंचा। बीच-बचाव में धारदार हथियार से मेरे पर हमला कर दिया।’
मंटुन सिंह का बेटा हथियार लेकर आया और मेरे पोते के सीने में गोली मार दी। परिवार के सदस्यों के पहुंचने से पहले सभी भाग गए। आनन-फानन में विकास को इलाज के लिए बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

अस्पताल में रोते-बिलखते हुए परिजन।
हंगामे की सूचना पर 3 दिन पहले पुलिस पहुंची थी
अजित यादव ने आगे कहा, ‘तीन दिन पहले पड़ोसी के खेत में मवेशी चला गया था। उस समय उनलोगों ने काफी हंगामा किया। मामले की सूचना डायल-112 की टीम गांव पहुंची थी। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया था। इसी प्रतिशोध में वारदात को अंजाम दिया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
इस संबंध में दीपनगर थानाध्यक्ष जितेंद्र राम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। खेत में मवेशी द्वारा फसल चरने के विवाद में गोलीबारी हुई है। घायल के बयान पर छानबीन की जा रही है।