जशपुर में नेशनल हेराल्ड मामले में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने प्रदर्शन किया।
जशपुर में नेशनल हेराल्ड मामले में कथित भ्रष्टाचार के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को कांग्रेस जिला कार्यालय का घेराव किया।
.
कार्यकर्ता पहले जिला भाजपा कार्यालय राधाकांत भवन में एकत्र हुए। वहां से रैली निकालकर हनुमान मंदिर चौक और बस स्टैंड होते हुए कांग्रेस कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए एसडीओपी चंद्रशेखर परमा और कोतवाली प्रभारी आशीष तिवारी पुलिस बल के साथ मौजूद थे।
कार्यकर्ताओं ने जब कांग्रेस कार्यालय की ओर बढ़ने का प्रयास किया, तो पुलिस ने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की हुई। प्रदर्शनकारियों ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी के पुतले जलाए, जिन्हें पुलिस ने पानी डालकर बुझा दिया।
कांग्रेस के काले कारनामों के विरोध में प्रदर्शन
भाजयुमो जिलाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में केंद्रीय जांच एजेंसियों की जांच में सोनिया-राहुल गांधी की संलिप्तता के पुख्ता सबूत मिले हैं। नगरपालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव ने कहा कि यह प्रदर्शन कांग्रेस के काले कारनामों के विरोध में किया गया।
प्रदर्शन में नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, राहुल गुप्ता, श्याम बिहारी, गोपाल कश्यप, विजय सहाय, राजेश गुप्ता, गोविंद राम सहित कई भाजयुमो कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल थे।
