गिरफ्तार दोनों आरोपी के साथ पुलिस।
पटना के नौबतपुर थाना क्षेत्र के चेसी गांव में हुई गोलीबारी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, 2 लाख का इनामी अपराधी भरत शर्मा और उसका साथी रोहित इस घटना के मुख्य आरोपी हैं।
.
14 फरवरी की रात को हुई इस घटना में दो युवक बिट्टू कुमार (24) और दीपू कुमार (22) को गोली मारी गई थी। दोनों घायलों को पटना एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां से इलाज के बाद वे स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
फुलवारी शरीफ के पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि भरत शर्मा अपने भाई जटहा की हत्या से बौखलाया हुआ था। उसे शक था कि बिट्टू और दीपू भी उसके भाई की हत्या में शामिल थे। इसी रंजिश में उसने रोहित के साथ मिलकर दोनों पर गोलियां चलाईं।
घटना में बिट्टू और दीपू ने भी आत्मरक्षा में क्रॉस फायरिंग की, जिससे वे बच गए। घटनास्थल से पुलिस ने गोली के आठ खोखे और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
23 मार्च को पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में भरत शर्मा और रोहित को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोनों अपराधियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने की तैयारी कर रही है।
साक्ष्य इकट्ठे कर लिए हैं। उस साक्ष्य का मिलान फायर किए गए पिस्टल के गोली के बारूद से कराया जाएगा।