जिला विधिक सेवा प्राधिकरण न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह का आयोजन चार नवंबर से 9 नवंबर तक कर रहा है। इस दौरान लोगों को न्याय और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए कई आयोजन किए जा रहे है। सोमवार काे सेवा सप्ताह के तहत बाइक रैली का आयोजन किया गया।
.
बाइक रैली को जिला एवं सत्र न्यायाधीश जाकिर हुसैन ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जो शहर के मुख्य मार्गों से होती हुई वापस न्यायालय पहुंची, जहां रैली का समापन हुआ। इस दौरान लोगों को न्याय के प्रति उनके अधिकारों की जानकारी दी गई।
जिला एवं सत्र न्यायाधीश जाकिर हुसैन ने बताया कि सेवा सप्ताह के दौरान अनेक आयोजन किए जाएंगे। जिसके तहत 5 नवंबर को वृद्धा श्रम में आयोजन किया जाएगा। वहीं 6 नवंबर को विभिन्न विद्यालयों में जाकर विद्यार्थियों को उनके अधिकारों और न्याय व्यवस्था के प्रति जानकारी देकर जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि बच्चे देश का भविष्य होते हैं, इसलिए उनको उनके अधिकारों की जानकारी देना जरूरी है। इस दौरान निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा 7 नवंबर को बाल देखरेख संस्थानों में जाकर वहां की स्थिति का जायजा लिया जाएगा।
वहीं विभिन्न प्रकार की जानकारियां सांझा की जाएंगी। 8 नवंबर को ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजन किए जाएंगे। वहीं 9 नवंबर को जागरूकता को लेकर शहर में मैराथन का आयोजन किया जाएगा। जिसमें जिले के सभी लोगों को सम्मिलित होने की अपील की गई है।