हरदा में शुक्रवार शाम को भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष में वाहन रैली का आयोजन किया गया। परशुराम सेना की ओर से आयोजित इस रैली में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।
.
परशुराम सेना के कार्यकारी प्रदेशाध्यक्ष सुधीर शर्मा ने रैली के उद्देश्य के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस रैली का मुख्य उद्देश्य ब्राह्मण समाज के युवाओं को भगवान परशुराम के जीवन और आदर्शों से परिचित कराना है। साथ ही युवाओं में सामाजिक एकता और धार्मिक चेतना जागृत करना है।
सिविल लाइन थाने से निकली बाइक रैली
रैली की शुरुआत सिविल लाइन थाने के पास से हुई। युवा हाथों में फरसे लेकर बाइक पर सवार थे। रैली घंटाघर होते हुए परशुराम चौक पहुंची। यहां सर्व ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों ने रैली का स्वागत किया। इसके बाद सभी ने मिलकर परशुराम जी की आरती की।

खेड़ीपुरा में नार्मदीय ब्राह्मण समाज के सदस्यों ने पुष्प वर्षा कर रैली का स्वागत किया। इस मौके पर नार्मदीय ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष अशोक पाराशर ने कहा कि ब्राह्मण युवाओं को भगवान परशुराम से प्रेरणा लेते हुए शास्त्र के साथ-साथ शस्त्र शिक्षा पर भी ध्यान देना चाहिए।
