कांग्रेस नेता व पूर्व विधायक लक्ष्मण सिंह ने पहलगाम मामले में अपनी ही पार्टी को निशाने पर ले लिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और उनके जीजा राबर्ट वाड्रा को सोच समझकर बयान देना चाहिए। उनकी नादानियों की वजह से ही ऐसी घटनाएं होती हैं।
.
उन्होंने कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुला पर आतंकियों से मिले होने का आरोप लगा दिया। साथ ही कहा कि कांग्रेस को नेशनल कांफ्रेंस सरकार से अपना समर्थन वापस ले लेना चाहिए। मालूम हो कि लक्ष्मण सिंह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भाई हैं।
उन्होंने यह बयान ब्लॉक कांग्रेस के कैंडल मार्च और श्रद्धांजलि सभा में दिया। पहलगाम हमले में मारे गए लोगों की याद में कांग्रेस ने यह कार्यक्रम आयोजित किए थे। राघौगढ़ के किला तिराहे पर हुई सभा में उन्होंने कहा कि अपनी बात ऑन रिकॉर्ड कह रहे हैं। अगर पार्टी उन्हें निकालती है तो निकाल दे। कांग्रेस के नेताओं को हर बात 10 बार सोच समझ लेना चाहिए। नहीं तो चुनाव में उन्हें नतीजे भुगतने होंगे।