सिविल अस्पताल में परिजनों व परिचितों के बयान दर्ज करती पुलिस।
हरियाणा के पानीपत जिले के गांव कुराड़ की एक कॉलोनी में लिवइन में रह रही महिला ने जहर निगल लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। आनन-फानन में महिला को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। जहां से उसे सिविल अस्पताल ले जाने के बारे में कहा गया।
.
महिला को सिविल अस्पताल लाया गया, यहां चेकअप के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला के शव को शवगृह में रखवाया गया। पुलिस ने लिवइन पार्टनर के बयानों के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई करते हुए पोस्टमॉर्टम करवा कर शव उसके हवाले कर दिया।
घटना की जानकारी देता हुआ लिवइन पार्टनर सुनील।
दो साल से साथ में रह रहे थे दोनों
जानकारी देते हुए सुनील ने बताया कि वह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। हाल में वह पानीपत के कुराड़ गांव में रहता है। यहां वह एक फैक्ट्री में काम करता है। यहीं पर उसके साथ नीलम नाम की महिला भी काम करती है। काम करने के दौरान ही दोनों के बीच प्रेम प्रसंग शुरू हुआ था। पिछले करीब 2 साल से वे दोनों लिवइन में साथ रह रहे थे। नीलम तलाकशुदा व तीन बच्चों की मां थी।
बेटे ने बताया, मम्मी ने दवाई खा ली
शुक्रवार शाम को नीलम ने मुर्गा मंगवाया था। लेकिन किन्हीं कारणों के चलते सुनील मुर्गा नहीं ले जा पाया था। जब वह घर पहुंचा, तो नीलम ने मुर्गा मांगा। नहीं देने पर वह नाराज हो गई और दोनों के बीच कहासुनी हुई। इसके बाद सुनील वहां से बाहर निकल आया। कुछ ही देर बाद नीलम का बेटा दौड़ता हुआ उसके पास पहुंचा और बताया कि उसकी मम्मी ने दवाई खा ली है।