पानीपत जिले के सेक्टर-11 में एक मकान को लेकर बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने रोबिन अरोड़ा और उनकी पत्नी रिंकल के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
.
गोहाना रोड पर खरीदा था मकान
मामले में पीड़ित सतबीर सिंह ने बताया कि उनके पिता संत सिंह, राजिंदर सिंह और रिंकल ने गोहाना रोड पर 258 वर्गगज का मकान खरीदा था। इसमें संत सिंह और राजिंदर सिंह का 40-40 प्रतिशत और रिंकल का 20 प्रतिशत हिस्सा था। 31 मार्च 2022 को रोबिन ने संत सिंह को हांसी के गीता चौक स्थित नर्सरी पर बुलाया। दंपती ने अपने 51.6 वर्गगज हिस्से को 96 लाख रुपए में बेचने का प्रस्ताव रखा।
रजिस्ट्री की तारीख थी 31 मार्च 2023
सौदा तय हुआ और रजिस्ट्री की तारीख 31 मार्च 2023 निर्धारित की गई। संत सिंह ने तीन किश्तों में कुल 90 लाख रुपए दे दिए। पहले 50 लाख, फिर 10 लाख और अंत में 30 लाख रुपए का भुगतान किया गया। शेष 6 लाख रुपए रजिस्ट्री के समय देने की बात हुई थी। रिंकल ने मकान का कब्जा भी सौंप दिया।
हिस्सा किसी और को बेचने की धमकी
बाद में रजिस्ट्री की नई तारीख एक अगस्त 2024 तय हुई, लेकिन दंपती ने टालमटोल शुरू कर दी। उन्होंने धमकी दी, कि वे यह हिस्सा किसी और को बेच देंगे। जांच में पता चला कि रिंकल ने राजिंदर सिंह के साथ मिलकर मकान पहले ही किसी और को बेच दिया था।