पीलीभीत7 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पीलीभीत में दहेज के लिए बहू को जिंदा जलाया।
पीलीभीत के जहानाबाद में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता को उसके ससुराल वालों ने जिंदा जला दिया। इलाज के दौरान दिल्ली के एक अस्पताल में मौत हो गई। पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है।
मृतका की पहचान सोनकली के रूप में हुई है। उसकी शादी 28 अप्रैल 2017 को ग्राम मिलक काजी निवासी नरेश कुमार के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही पति नरेश बाइक और जेवरों की मांग करने लगा। मांग पूरी न होने पर वह सोनकली के साथ मारपीट करता था।
मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप
पति के अलावा, ससुर जानकी और सास भगवान देई भी सोनकली को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते थे। 30 मार्च को कपड़े धोने को लेकर पति से विवाद हुआ। इसके बाद ससुराल वालों ने सोनकली के शरीर पर गंदे कपड़े लपेटकर तारपीन का तेल छिड़क दिया और आग लगा दी।
गंभीर रूप से झुलसी सोनकली को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उसने अपने भाई को पूरी घटना बताई। 6 अप्रैल को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना जहानाबाद के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि मृतका के भाई अमर पाल की शिकायत पर पति, सास और ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।