हाजीपुर | 30 मई 2025पूर्व मध्य रेल के महाप्रबंधक श्री छत्रसाल सिंह ने आज आरा स्टेशन का निरीक्षण किया और आरा कोचिंग डिपो में विकसित एआई तकनीक पर आधारित स्मार्ट कोच का अवलोकन किया। इसके साथ ही उन्होंने दानापुर मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में नवीनीकृत सम्मेलन कक्ष तथा मंडल रेल अस्पताल दानापुर में नई अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे मशीनों का भी उद्घाटन किया।
भारतीय रेल द्वारा आधुनिक तकनीक के उपयोग की दिशा में उठाया गया यह कदम यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और समयबद्ध सेवाओं को और अधिक मजबूत बनाएगा। आरा कोचिंग डिपो में विकसित स्मार्ट कोच में एआई आधारित सेंसर लगाए गए हैं जो रियल टाइम में कोच की स्थिति की जानकारी देते हैं।ये सेंसर पानी की कमी, हॉट एक्सल, बाथरूम की दुर्गंध, और अलार्म चेन पुलिंग (ACP) जैसी समस्याओं की तुरंत पहचान कर संबंधित विभाग को सूचना भेजते हैं, जिससे समस्या के त्वरित समाधान में मदद मिलती है।
महाप्रबंधक ने दानापुर मंडल कार्यालय में नवीनीकृत सम्मेलन कक्ष का उद्घाटन करते हुए अधिकारियों को बेहतर कार्य संस्कृति और संवाद के लिए प्रोत्साहित किया। इसके अलावा, दानापुर मंडल रेल अस्पताल में नई अल्ट्रासाउंड और एक्स-रे मशीनों का उद्घाटन कर स्वास्थ्य सेवाओं को आधुनिक बनाने की दिशा में रेल प्रशासन की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
इस अवसर पर दानापुर मंडल रेल प्रबंधक श्री जयंत कुमार चौधरी, मुख्यालय और मंडल के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।भारतीय रेल का यह प्रयास न केवल तकनीकी रूप से एक नई दिशा की ओर इशारा करता है, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवा को भी नई ऊंचाई देता है।





