मॉल की दुकानों को सीलिंग की कार्रवाई करते हुए निगम के कर्मचारी।
फरीदाबाद में नगर निगम ने बुधवार को प्रॉपर्टी टैक्स वसूली को लेकर सेक्टर-20ए में पार्श्वनाथ मैनहैटन मॉल की 41 दुकानों को सील कर दिया। दुकानों पर कुल 93 लाख रुपए का संपत्ति कर बकाया था। निगम अधिकारियों ने बताया कि इन दुकानदारों को पहले तीन बार नोटिस जा
.
नगर निगम ने बकायादारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। जानकारी के अनुसार निगम ने आठ जोनों में कुल 400 बड़े बकायादारों की सूची तैयार की है, जिन पर लाखों रुपए का बकाया है। निगम अधिकारियों ने बताया कि टैक्स वसूली अभियान लगातार जारी रहेगा और जिन लोगों ने अभी तक बकाया नहीं चुकाया है, उनके खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शॉपिंग मॉल में 12 दुकानें सील
इससे पहले भी नगर निगम ने सेक्टर-12 स्थित एक शॉपिंग मॉल में 12 दुकानों को सील किया था। लगातार कार्रवाई से यह संकेत दिया जा रहा है कि निगम अब बकाया टैक्स को लेकर किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरतेगा।
सीएम ने ली थी नगर निगम की समीक्षा बैठक
उल्लेखनीय है कि बीते सप्ताह मुख्यमंत्री नायब सैनी ने नगर निगम की समीक्षा बैठक ली थी जिसमें संपत्ति कर वसूली और प्रॉपर्टी आईडी सत्यापन की धीमी प्रक्रिया पर नाराजगी जताई गई थी। बैठक में कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए थे कि टैक्स वसूली की रफ्तार तेज की जाए ताकि नगर निगम को विकास कार्यों और कर्मचारियों के वेतन के लिए राज्य सरकार से अनावश्यक ग्रांट न लेनी पड़े।
टैक्स वसूली से निगम की आय बढ़ेगी
निगम अधिकारियों का कहना है कि समय पर टैक्स वसूली से निगम की आय बढ़ेगी, जिससे विकास कार्यों में तेजी आएगी और ठेकेदारों को भी भुगतान के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। साथ ही शहर में बेहतर सुविधाएं देने की दिशा में भी यह कदम प्रभावी होगा।