19 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सोशल मीडिया पर एक घायल महिला का वीडियो सांप्रदायिक रंग देकर शेयर किया जा रहा है। वीडियो में एक महिला के चेहरे से खून बहता दिख रहा है। उस घायल महिला को पकड़कर लोग ले जाते हुए दिख रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो बांग्लादेश का है। जहां हिंदू महिला पर मुस्लिम चरमपंथियों की भीड़ ने हमला कर उसे घायल कर दिया।
- इस वीडियो को X पर सांप्रदायिक रंग देकर कई वेरिफाइड और नॉन वेरिफाइड यूजर ने शेयर किया।
- हम लोग We The People नाम के एक वेरिफाइड यूजर ने वीडियो शेयर कर लिखा- बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार जारी है। एक महिला पर ये कैसी क्रूरता। (अर्काइव)
- सनातनी चंदा नाम की एक यूजर ने लिखा- दिल दहला देने वाला ये वीडियो बांग्लादेश का है, जहां इस महिला का अच्छा खासा बिजनेस था। वहीं इसके मकान में कुछ मुस्लिम किराएदार रहते थे। जिन्होंने कल और मुसलमानों को बुलाकर पहले तो इसके घर पर कब्जा किया फिर इसके साथ करीब 35 मुसलमानों ने गैंगरेप किया। भारत समेत दुनिया कौम के इस वहशी खेल का सिर्फ तमाशा देख रही है क्योंकि जिनके साथ ये खेल खेला जा रहा है वो हिंदू हैं। (अर्काइव)
- इसी दावे के साथ बाबा बनारस नाम के एक अन्य यूजर ने भी इस वीडियो को शेयर किया। (अर्काइव)
वायरल वीडियो का सच…
वायरल वीडियो का सच जानने के लिए हमने इसके की-फ्रेम को रिवर्स सर्च किया। सर्च करने पर हमें यह वीडियो जानकारी के साथ एक यूट्यूब चैनल पर मिला।
चैनल पर मौजूद वीडियो के टाइटल में लिखा है- बांग्लादेश किसान लीग की राष्ट्रीय समिति की सदस्य कोहिनूर बेगम पर हुए बर्बर हमले की कड़ी निंदा करता हूं। यह वीडियो चैनल पर 11 नवंबर को अपलोड हुआ था। पड़ताल के अगले चरण में हमने वीडियो में मिली जानकारी से जुड़े कुछ की-वर्ड्स सर्च किए। सर्च करने पर हमें वीडियो से जुड़ा एक पोस्ट X पर मिला।
वसीम अक्रम त्यागी नाम के एक पत्रकार ने X पर वीडियो शेयर कर लिखा- यह कोहेनूर अख्तर हैं। बांग्लादेश में शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग की नेता हैं। इनके साथ हिंसा हुई है। राजनीतिक द्वेष के चलते होती इस हिंसा की जितनी निंदा की जाए कम है।
त्यागी ने आगे गृह मंत्रालय को टैग कर लिखा- इस पीड़िता को हिंदू बताते हुए चरमपंथी वीडियो वायरल कर रहे हैं और बांग्लादेश की इस घटना से मुसलमानों के खिलाफ नफरत फैला रहे हैं। क्या इस देश के @HMOIndia ने भी कसम खाई हुई है कि देश में मुसलमानों के खिलाफ फेक न्यूज के माध्यम से नफरत फैलाने वालों पर वो कार्रवाई नहीं करेगा। कई ऐसे लोग हैं जिन्होंने फेक न्यूज फैलाते हुए लिखा कि इस हिंदू महिला के साथ 35 मुसलमानों ने बलात्कार किया। सोचिए यह झूठ जब सोशल मीडिया के द्वारा लोगों के मोबाइल में पहुंचता है तो मुसलमानों के लिए उनकी नफरतें किस हद तक पहुंच जाती होंगी।
साफ है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा पूरी तरह गलत है। वीडियो में दिख रही महिला शेख हसीना की पार्टी, अवामी लीग की नेता कोहेनूर अख्तर हैं, जिन पर कुछ लोगों ने प्रदर्शन के दौरान हमला कर दिया था।
फेक न्यूज के खिलाफ हमारे साथ जुड़ें। कोई भी ऐसी सूचना जिस पर आपको संदेह हो तो हमें ईमेल करें @fakenewsexpose@dbcorp.in और वॉट्सएप करें- 9201776050