शेखपुरा में तीन महीने पहले पेयजल संकट को लेकर उठी आवाज पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया था। इसमें पुलिस ने एक फरार आरोपी रामचंद्र यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के महुली थाना क्षेत्र अंतर्गत अफरडीह गांव की है।
.
यह कार्रवाई थानाध्यक्ष जल भरत राय के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने शनिवार को रामचंद्र यादव को उसके घर से गिरफ्तार किया। इस मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी और वार्ड सदस्य देव नंदन यादव अब भी फरार है।
रामचंद्र यादव को उसके घर से किया गिरफ्तार
पानी मांगने पर लोहे की रॉड से हमला
घटना तीन माह पूर्व की है, जब गांव के 35 वर्षीय बिजली यादव ने अफरडीह में हर घर नल का जल योजना के तहत बने पेय जल आपूर्ति केंद्र को चालू करने की मांग की थी। यह केंद्र एक सप्ताह से बंद था, जिससे पूरे गांव में जल संकट गहराने लगा था।
पीड़ित की प्राथमिकी के अनुसार, वार्ड सदस्य देव नंदन यादव जानबूझकर जल केंद्र को बंद रखे हुए था। बिजली यादव ने पानी की आपूर्ति बहाल करने की मांग की। इससे नाराज देवनंदन यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले में बिजली यादव गंभीर रूप से घायल हो गया।
चार नामजद, तीन गिरफ्तार, वार्ड सदस्य फरार
महुली थाना में दर्ज प्राथमिकी में कुल चार लोगों को नामजद आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन इस मामले का मुख्य अभियुक्त देव नंदन यादव अब भी फरार है।
थानाध्यक्ष जलभरत राय ने बताया कि वार्ड सदस्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।
गांव में पानी की किल्लत बड़ी समस्या
स्थानीय लोगों का कहना है कि अफरडीह गांव में जल जीवन मिशन के अंतर्गत बना जल केंद्र कुछ लोगों की लापरवाही और राजनीतिक खींचतान के कारण अक्सर बंद रहता है, जिससे ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए काफी परेशानी होती है।
बिजली यादव पर हमले के बाद गांव में आक्रोश फैल गया था। ग्रामीणों ने जल केंद्र को चालू रखने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी।