बरनाला में प्रेसवार्ता करते किसान संगठन के पदाधिकारी
बरनाला में भारतीय किसान यूनियन उगराहां ने धान की समस्या को लेकर संघर्ष तेज करने का ऐलान किया है। पंजाब विधानसभा के उप-चुनाव के बीजेपी और आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों के घरों के सामने धरना- प्रदर्शन का ऐलान किया है।
.
बरनाला में प्रेस कॉन्फ्रेंस दौरान संगठन के अध्यक्ष जोगेंद्र सिंह उगराहां ने कहा कि धान खरीद की खराब व्यवस्था, डीएपी खाद की कमी और पराली को लेकर उनका संगठन पिछले कई दिनों से पंजाब में 50 जगहों पर स्थायी मार्च कर रहा है। जहां से अब वे अपना धरना स्थल बदल रहे हैं। विभिन्न नेताओं के घरों के सामने धरना समाप्त कर विधानसभा उप चुनाव लड़ रहे आम आदमी पार्टी और भाजपा प्रत्याशियों के घरों के सामने स्थायी मोर्चा लगाया जाएगा।
सांसद के घर के बाहर भी दिया जाएगा धरना
उन्होंने कहा कि बरनाला में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हरिंदर धालीवाल का बरनाला में कोई आवास नहीं है, लेकिन उनका चुनाव अभियान सांसद मीत हेयर के घर से चल रहा है। इसलिए मीत हेयर घर के सामने उनका मोर्चा और सख्त हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि धान की खराब खरीद, डीएपी की कमी और पराली समस्या के लिए सीधे तौर पर केंद्र और पंजाब सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि धान की पराली में आग लगाना किसानों की मजबूरी है। अगर अधिकारी गांवों में पराली को आग लगाने वाले किसानों के खिलाफ कार्रवाई करने आएंगे तो संगठन द्वारा उनका पुरजोर विरोध किया जाएगा और उन्हें घेराव किया जाएगा।